हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के सभी लेवल के सभी विषयों की ड्राफ्ट उत्तर कुंजी बोर्ड की वेबसाइट पर 19 नवंबर को अपलोड की जाएगी। प्रश्न पत्रों के सवालों पर 21 से 25 नवंबर तक आपत्तियां दर्ज की जाएंगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह एवं सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि 16 व 17 नवंबर को हुई एचटेट परीक्षा के किसी अभ्यर्थी को प्रश्न पत्र बुकलेट में दिए गए किसी भी प्रश्न या उत्तर कुंजी में दिए गए किसी भी प्रश्न के उत्तर, विकल्प के बारे में कोई आपत्ति हो तो इस संबंध में पूर्ण तथ्यों सहित 21 से 25 नवंबर शाम पांच बजे तक निर्धारित शुल्क 200 रुपये प्रति प्रश्न अनुसार जमा कराते हुए ऑन लाइन बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करवा सकते हैं। यदि किसी प्रश्न के संबंध में दर्ज करवाई गई आपत्ति सही पाई जाती है, तो ऐसी स्थिति में उस प्रश्न के लिए जमा शुल्क अभ्यर्थी को वापस कर दिया जाएगा। 25 नवंबर के बाद आने वाली आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा और बिना किसी नोटिस के आपत्ति अस्वीकृत कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी अन्य माध्यम से प्राप्त किसी भी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।