लघु सचिवालय परिसर में चतुर्थ श्रेणी पद के लिए उमड़ी बेरोजगार युवाओं की भीड़। संवाद न्यूज एजेंसी?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी न्यायालय परिसर में अनुबंधित आधार पर 15 चतुर्थ श्रेणी के पदों की भर्ती के लिए ढाई हजार बेरोजगार युवा युवतियों की भीड़ लघु सचिवालय में उमड़ पड़ी। न्यायिक परिसर की पार्क में बेरोजगारों की भारी संख्या को काबू करने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अनुबंधित आधार पर इंटरव्यू देने आए युवा व युवतियों को 50-50 के बैच में भेजा जा रहा था। लेकिन मात्र 15 पदों के लिए हजारों युवाओं की भीड़ जुटने से भर्ती प्रक्रिया में लगे अधिकारियों को भी काफी परेशानी हुई। प्रदेश में पढ़े लिखे बेरोजगारों की लगातार बढ़ रही तादाद इतनी हो गई है कि नौकरी चाहे अनुबंधित हो या फिर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की। स्नातक व स्नातकोत्तर तक पढ़ा लिखा बेरोजगार भी इन पदों में अपना भाग्य आजमाने पहुंच रहा है। यहां तक की तकनीकी कोर्स करने वाली महिलाएं भी पीछे नहीं है। न्यायालय परिसर में चपरासी और माली पद के लिए भर्तियों के लिए फार्म आमंत्रित किए गए थे। इन्हीं को लेकर सोमवार को न्यायिक परिसर में इंटरव्यू के लिए आवेदकों को बुलाया गया था। पुलिस को भी बार बार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।