भिवानी। कृष्णा कॉलोनी स्थित केपीएम महासभा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने कृष्णा कॉलोनी में प्रवेश द्वार तथा केपीएम चौक बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार और केपीएम चौक बनने के बाद शहर की सुंदरता को नया आयाम मिलेगा। इन कार्यों को जल्द शुरू करवाया जाएगा।
भवानी प्रताप सिंह ने कहा कि शहर के मौजिज लोग सार्वजनिक हित से जुड़े कार्यों के प्रस्ताव लेकर आएं। नगर परिषद उन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए नगर परिषद के पास पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है और शहर के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
इससे पूर्व केपीएम महासभा की ओर से नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं महासभा के नवनिर्वाचित प्रधान बृजेश महतानी को फूलमाला और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
नवनिर्वाचित प्रधान बृजेश महतानी ने महासभा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अभियान चलाने तथा सदस्यता अभियान को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने समाज के लोगों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के संयोजक हर्षदीप डुडेजा और कैलाश चौधरी ने महासभा के वरिष्ठ उपप्रधान नरेश चांदना तथा सचिव तरसेम चौधरी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजकुमार डुडेजा, दर्शन कुमार मिढा, नरेश आहूजा, राधा कृष्ण चावला, विनोद मिर्ग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।