भिवानी में बैठक करते ऑल हरियाणा पावर काॅरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के सदस्य।
भिवानी। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित ऑल हरियाणा पावर काॅरपोरेशन वर्कर्स यूनियन की बैठक मंगलवार को बीटीएम चौक स्थित शहर इकाई कार्यालय में हुई। बताया गया कि ऑनलाइन कार्य नीति के खिलाफ प्रदेश के बिजली कर्मचारी 29 जुलाई को प्रदर्शन करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहर इकाई के प्रधान रविंद्र यादव ने विभाग की नीतियों पर सवाल उठाए। इनमें बदलाव की मांग की गई। संचालन करते हुए इकाई सचिव राजेश दुल्हेड़ी ने कहा कि मांग पूरी न होने पर 29 को पूरे प्रदेश में ऑनलाइन कार्य नीति की प्रतियां जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
राज्य ऑडिटर धर्मबीर भाटी ने कहा कि कर्मचारियों ने विभाग से कई बार जनविरोधी नीतियों को वापस लेने का आग्रह किया, लेकिन उनकी मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है।
सेंटर काउंसिल सदस्य चांद राम ने कहा कि ऑनलाइन पॉलिसी जैसी पहल कर्मचारियों पर अनावश्यक बोझ डाल रही है और इससे कामकाज में पारदर्शिता के बजाय जटिलताएं बढ़ रहीं हैं। सदस्यों ने विभाग की नीतियों पर गहरा रोष व्यक्त कर उन्हें कर्मचारी विरोधी बताया। बैठक में नौ जुलाई को हुई राष्ट्रव्यापी हड़ताल की भी समीक्षा की गई।
बैठक में राज्य ऑडिटर धर्मबीर भाटी, सेंटर काउंसिल सदस्य चांद राम, बवानीखेड़ा के प्रधान अमित चौहान, भिवानी के प्रधान मनदीप फोगाट, तोशाम 1 एवं 2 के प्रधान समयपाल व रामलाल, बिजेंद्र गिल, फोरमैन अनिल और शमशेर आदि मौजूद रहे।