फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के आठ फीडरों पर धड़ल्ले से हो रही बिजली चोरी

विज्ञापन
बावड़ीगेट सरकुलर रोड के बीच स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन के अंदर बिजली चोरी के लिए लगाई गई कुंडी। संवा - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
शहर के आठ फीडरों पर जमकर बिजली चोरी हो रही है। चोर बिजली चोरी के नए-नए फार्मूले अपना रहे है। कुछ ने तो स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शनों से ही कुंडी कनेक्शन जोड़कर चोरी शुरू कर रखी है। कोई पिलर बॉक्स में लगे बिजली मीटर में सेटिंग कराकर चोरी कर रहा है तो कोई सीधे केबल में कट लगाकर कुंडी के जरिए चोरी कर रहा है। हालात ये है कि दिन के समय भी कुंडी कनेक्शन लगे रहते है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। बिजली चोरी के कारण ही ट्रांसफार्मर जलने, फ्यूज उड़ने जैसी समस्याएं आती है और नियमित उपभोक्ताओं को परेशानी होती है।
विज्ञापन

शहरी आठ फीडरों पर बिजली निगम का लाइनलॉस भी 25 फीसदी से अधिक चल रहा है। अचरज तो इस बात की है कि इन फीडरों पर लगाए गए पिलर बॉक्स भी खुले पड़े हैं, जिनके अंदर लगे बिजली मीटरों की भी कोई सुरक्षा तक नहीं है। इतना ही नहीं इन फीडरों पर निगम कर्मचारियों के साथ साठ-गांठ करके भी बिजली चोर निगम को हर माह करोड़ों की चपत लगा रहे हैं।
इसी की पड़ताल अमर उजाला की टीम ने की तो शहरी दायरे के अंदर आने वाले कई फीडरों पर पिलर बॉक्स न केवल खुले मिले, बल्कि इनके अंदर लगे मीटर भी बंद पड़े थे। वहीं कुछ पिलर बॉक्स तो बिजली खंभों पर लगे हुए भी क्षतिग्रस्त थे। निगम प्रबंधन द्वारा अब तक बिजली चोरी रोकने के लिए लाइनों के सुधारीकरण पर करोड़ों का बजट खर्च किया है, जबकि आगामी प्लानिंग पर करीब डेढ़ सौ करोड़ का बजट और खर्च किया जाना है।
विज्ञापन

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी व चरखी दादरी जिला के तीन लाख 47 हजार बिजली उपभोक्ताओं आते हैं। इन उपभोक्ताओं पर भारी भरकम बिजली बिल का बोझ निगम डाल रहा है, लेकिन बिजली चोरों पर ऐसी कोई बंदिश नहीं हैं, इन्हें तो सिर्फ नजदीकी बिजली लाइन में छोटा सा कट लगाने की जरूरत है फिर ठाठ से बिजली आपूर्ति चौबीसों घंटे तक अनलिमिटेड यूनिट मुफ्त हैं।
इन इलाकों में खुलेआम हो रही बिजली चोरी
शहर के बावड़ीगेट, कृष्णा कालोनी, आजाद मोहल्ला, खाड़ी मोहल्ला, नया बाजार क्षेत्र, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र, दिनोद गेट, दादरी गेट, विद्या नगर, एमसी कॉलोनी, हनुमान गेट क्षेत्र में खुलेआम बिजली चोरी हो रही है। यहां पर सभी पिल्लर बॉक्स खुले पड़े हैं, जिनके अंदर कोई भी मीटर से आसानी से छेड़छाड़ कर सकता है वहीं खुले तारों में कुंडी से भी बिजली चोरी की जा रही है। वहीं स्ट्रीट लाइटों के खुले कनेक्शनों के अंदर भी अवैध कनेक्शन लगाकर बिजली चोरी की जा रही है। स्ट्रीट लाइटें नगर परिषद के दायरे में आती हैं, जिनका ठेका भी ठेकेदार को दिया हुआ है। मगर स्ट्रीट लाइटों के बिजली बिल का भुगतान नगर परिषद कर रही है।
ये शहरी फीडर जहां हो रही ज्यादा बिजली चोरी
1. कृष्णा कॉलोनी फीडर
2. सिटी फीडर
3. सेक्टर 13
4. एमसी कॉलोनी
5. नया बाजार
6. विद्या नगर
7. हनुमान गेट
8. दिनोद गेट
इमानदार उपभोक्ताओं की सेवाओं में पड़ रहा व्यवधान
रिटायर्ड कार्यकारी अभियंता बिजली निगम सज्जन सिंगला ने बताया कि बिजली चोरी होने से न केवल बिजली निगम को चूना लग रहा है, बल्कि आम उपभोक्ता जो इमानदारी से अपने बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, उनकी सेवाओं में भी व्यवधान पड़ रहा है। बिजली चोरी होने से लोड का सही आंकलन नहीं हो रहा है, ऐसे में ट्रांसफार्मर जल जाते हैं, जिसके बदलने का अनावश्यक खर्च का बोझ भी निगम पर पड़ता है और ट्रांसफार्मर बदले जाने की अवधि के दौरान इमानदार बिजली उपभोक्ताओं की आपूर्ति भी बाधित रहती है। बिजली चोरी का सीधा प्रभाव इमानदार उपभोक्ताओं पर ही पड़ता है।
प्रत्येक शहरी फीडर पर डीटी मीटर के साथ फीडर मीटर भी लगाया हुआ है। जो बिजली कंज्यूम होती है, उसका मिलान भी फीडर मीटर से किया जा रहा है, जिसकी लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है। अगर कोई कर्मचारी बिजली चोरी कराने या करने के मामले में संलिप्त पाया जाता है, साबित होने पर उसकी नौकरी तक जा सकती है।
- राजकुमार जाजौरिया, निगम महाप्रबंधक भिवानी सर्कल।
स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शनों में कुंडी डालकर बिजली चोरी कर रहे हैं। दो बार पहले भी स्ट्रीट लाइट कनेक्शन से बावड़ीगेट क्षेत्र में बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़वाया भी जा चुका हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां बिजली चोरी हो रही है। इस संबंध में नप अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा।
- विकास, स्ट्रीट लाइट रख रखाव ठेकेदार।
विजिलेंस थाने में 40 पुलिस कर्मचारियों के अलावा दो एसडीओ भी तैनात
सिंचाई एवं बिजली विजिलेंस थाना रेवाड़ी के अंतर्गत चार जिले जिसमें भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ आता है। विजिलेंस थाने में एक एसएचओ सहित 40 कर्मचारी तैनात हैं, जिसमें दो सब इंस्पेक्टर, चार एएसआई व दो हेड कांस्टेबल व सिपाही तैनात हैं। इसके अलावा विजिलेंस विंग में दो एसडीओ भी तैनात किए गए हैं, जिसके अंतर्गत जेई भी लगाए गए हैं। ये अमला संबंधित निगम अधिकारियों के साथ बिजली चोरी पकड़ने के साथ साथ बिजली चोरों पर इलेक्ट्रिसिटी एक्ट के तहत केस दर्ज करने व जुर्माना राशि अदा ना कराने पर जेल भेजने तक का काम करता है।
40 करोड़ के बजट से अब तक बदली 543 किलोमीटर लंबी नंगी तार
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी सर्कल के अंतर्गत आने वाले चरखी दादरी जिला व भिवानी जिला में अब तक 543 किलोमीटर लंबी बिजली लाइन बदली कर चुका है। इसमें भिवानी जिला में 257 किलोमीटर नंगी तार बदली हो चुकी है। जबकि चरखी दादरी जिला में 286 किलोमीटर लंबी नंगी तार बदली गई है। ये नंगी तार बिजली चोरी रोकने के लिए बदली की गई हैं। इन नंगी तारों की जगह एबी केबल लगाई जा चुकी है।
अब तक 38 हजार 283 बिजली चोरी की दर्ज हुई एफआईआर
रेवाड़ी बिजली विजिलेंस पुलिस थाने का गठन 2012 में बिजली चोरों पर कार्रवाई के लिए किया था। विजिलेंस पुलिस थाना एसएचओ कैलाश कौशिक ने बताया कि थाना गठन के बाद अब तक 38 हजार 283 बिजली चोरी के केस दर्ज हुए हैं। जिसमें 33 हजार 900 बिजली चोरी के केसों का निपटारा किया जा चुका है। बिजली चोरों से अब तक 81 करोड़ 70 लाख रुपये जुर्माना राशि वसूली जा चुकी है। इस साल अब तक 22 बिजली चोर गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि इसी महीनें में अब तक साढ़े सात सौ बिजली चोरी के केस दर्ज किए जा चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें