बावड़ी गेट क्षेत्र में करीबन आधा दर्जन कॉलोनियों में चार दिनों से बिजली न आने व विभाग अधिकारियों के टरकाऊ रवैये से नाराज लोगों ने शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे सरकुलर रोड जाम कर दिया। मुख्य मार्ग पर जाम की सूचना मिलने पर जैन चौक व शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परेशान बाशिंदे बिजली आपूर्ति न होने तक जाम लगाए रखने की जिद पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक लोगों ने जाम लगाए रखा।
देर रात को जाम लगा रहे लोगों का कहना है कि पिछले चार दिनों से बावड़ी गेट, रविदास मोहल्ला, पंचायती गेट, रामगंज मोहल्ला, जैन चौक, चंद्रगिरी स्कूल एरिया में पिछले चार दिनों से लाइट नहीं आ रही। बिजली विभाग में शिकायत देने गए तो अधिकारियों ने अडियल रूख अपनाकर कोई सुनवाई नहीं की। क्षेत्र निवासी रामनिवास ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को परेशानी बताने पर हमें उल्टा केस दर्ज करने की धमकी दी जा रही है। परेशान लोगों ने विभाग के एक अधिकारी पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए तबादला करने की मांग की। मामले की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस की गुस्साए लोगों ने एक न सुनी। खबर लिखे जाने तक क्षेत्रवासियों ने जाम लगाए रखा।