तोशाम। गांव पटौदी खुर्द में चेकिंग के लिए गई दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम पर हमला किए जाने के आरोप हैं। निगम के एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
निगम के उपमंडल अधिकारी द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार बताया कि कृष्ण कुमार जेई के नेतृत्व में राजकुमार जेई, मनीष कुमार लाइनमैन और उमेश कुमार एएलएम की टीम गांव पटौदी खुर्द में राजेंद्र के घर मीटर चेक कर रही थी। तभी गांव का एक व्यक्ति भीम मौके पर आया और लोहे के फावड़े से हमला किया। जिसमें निगम की टीम बाल-बाल बच गई। यही नहीं टीम की गाड़ी पर पत्थर भी फेंके गए और दोबारा गांव में किसी भी चेकिंग के लिए आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। निगम अधिकारी ने बताया कि आरोपी के साथ टीम के सदस्यों का किसी प्रकार का कोई झगड़ा विवाद नहीं था बावजूद इसके अचानक हमला बोल दिया गया। निगम अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इस संबंध में निगम के एसडीओ होशियार सिंह ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता व उनकी टीम द्वारा घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद मामला दर्ज करने के लिए पुलिस को शिकायत दी गई है।
थाना प्रभारी जयसिंह यादव ने बताया कि बिजली निगम की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।