भिवानी। भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर गांव मिल्कपुर के समीप इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर जा रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के भतीजे की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव दुर्जनपुर निवासी अनिल कुमार ने बवानीखेड़ा पुलिस को बताया कि वह दूध बेचने का काम करता है। उसके चाचा ओमप्रकाश 12 अप्रैल की रात आठ बजे इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने गांव दुर्जनपुर लौट रहे थे। भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर वह मिल्कपुर के समीप पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को हांसी के अस्पताल में ले जया गया, जहां चिकित्सकों ने हिसार के अस्पताल में रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बवानीखेड़ा पुलिस ने अनिल की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।