भिवानी। भिवानी-तोशाम मार्ग पर सूई मोड़ के समीप इलेक्टि्रक स्कूटी के आगे सड़क पर लावारिस पशु आने से हादसा हो गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन घायल व्यक्ति ने पीजीआई पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।
गांव बापोड़ा निवासी 47 वर्षीय मीनू वीरवार सुबह करीब 11 बजे इलेक्टि्रक स्कूटी से तोशाम की तरफ किसी काम के लिए जा रहा था। जब वह सूई मोड़ के समीप पहुंचा तो अचानक ही सड़क पर लावारिस पशु आ गया। जिससे उसकी स्कूटी असंतुलित हो गई और वह सड़क पर जा गिरा। मीनू के सिर में गंभीर चोटें आई। उसे जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन पीजीआई पहुंचने से पहले ही मीनू ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि मीनू तीन बच्चों का पिता था। उसका एक बेटा और दो बेटी हैं। मीनू गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करता था। मृतक के बेटे दीपक के बयान दर्ज कर इस संबंध में पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।