ट्रेन के डिब्बे में जांच करती पुलिस।
भिवानी। त्योहारी सीजन के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने रेलवे जंक्शन पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एएसआई सुरेंद्र के नेतृत्व में बुधवार को इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों के सभी डिब्बों तक की सघन जांच की गई।
इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशन और यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना, चोरी या आपराधिक गतिविधि पर अंकुश लगाना था, ताकि यात्री निर्भय होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। चेकिंग अभियान में पुलिसकर्मियों ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी और आने-जाने वाली ट्रेनों के सभी डिब्बों को बारीकी से खंगाला। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस सामान पर विशेष ध्यान दिया गया। यात्रियों के सामान की जांच के साथ-साथ संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि त्योहार के उपलक्ष्य में रेलवे जंक्शन पर यह नियमित सुरक्षा चेकिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अलावा यात्रियों को चोरी की घटनाओं से सतर्क रहने और साइबर क्राइम के बढ़ते खतरों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने यह अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।