भिवानी। निजी टेलीकॉम कंपनियों के रिचार्ज रेट बढ़ने के बाद मोबाइल उपभोक्ताओं का रुझान बीएसएनएल कंपनी की तरफ बढ़ रहा है। 3 जुलाई से अन्य दूर संचार कंपनियों के रिचार्ज रेट बढ़ने के बाद 18 दिनों में ही बीएसएनएल कंपनी के ग्राहक तीन गुना बढ़ गए है। पहले जहां एक माह में सिर्फ 50 ही बीएसएनएल सिम बिकती थीं, वहीं अब 18 दिन में ही लगभग 150 सिम बिक चुकी हैं।
दरअसल, बीएसएनएल को छोड़कर अन्य दूर संचार कंपनियों ने जुलाई माह में अपने रिचार्ज के रेटों में बढ़ोतरी की है। इसके बाद बीएसएनएल कंपनी की मांग बढ़ रही है। लोगों ने महंगे रिचार्ज से बचने के लिए अपना मोबाइल नंबर बीएसएनएल कंपनी में पोर्ट करवाना शुरू कर दिया है। ज्यादातर लोगों ने तो बीएसएनएल कंपनी की नई सिम ही खरीद ली है।
लोगों की डिमांड को देखते हुए जिले की मैन बीएसएनएल एक्सचेंज में 18 दिन में ही तीसरी बार नई सिम मंगवाई गई हैं। जहां अन्य कंपनियों के रेट बढ़ने से पहले माह में सिर्फ एक बार ही नई सिम मंगवाई जाती थीं। भिवानी जिले की मैन एक्सचेंज से चरखी दादरी, तोशाम, सिवानी व जिले के सभी डिस्ट्रीब्यूटरों पर सिम सप्लाई की जाती है। मात्र 18 दिन में ही तीन गुना सिम बिकने से बीएसएनएल कंपनी फायदे में है। कंपनी की ओर से जिले में अपने उपभोक्ताओं को 4जी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
लोगों के बीच बीएसएनएल के 12 रिचार्ज ऑफर हो रहे प्रसिद्ध
निजी कंपनियों से पोर्ट करवाने वाले व बीएसएनएल का नया कनेक्शन लेने वाले लोगों में बीएसएनएल कंपनी के 12 रिचार्ज ज्यादा प्रसिद्ध हो रहे हैं। ज्यादातर उपभोक्ता इन्हीं ऑफर को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इनमें से मुख्य है 249, 147, 247, 153, 397, 485, 599, 666, 1198, 1499, 1999, 2399 के प्लान ज्यादा लोग खरीद रहे हैं। इन रिचार्जों में प्लान के अनुसार उपभोक्ता को डाटा, कॉलिंग व वैलिडिटी दी जा रही है।
18 दिनों में बीएसएनएल कंपनी की सिम सेल तीन गुना बढ़ गई है। उपभोक्ता अन्य कंपनियों से सिम पोर्ट या नया कनेक्शन लेकर बीएसएनएल कंपनी से जुड़ रहे है। लोगों की डिमांड को देखते हुए जिले की मैन बीएसएनएल एक्सचेंज में 18 दिनों में ही तीसरी बार नई सिम मंगवाई गई हैं। बीएसएनएल की ओर से जिले में अपने उपभोक्ताओं को 4 जी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
- रविंद्र कुमार, एसडीओ, बीएसएनएल।