अवैध कॉलोनियों पर डीटीपी का चलता पीला पंजा।
भिवानी। जिला नगर योजनाकार विभाग का पीला पंजा अवैध कॉलोनियों पर चल रहा है। बुधवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो के सहयोग से डीटीपी ने कार्रवाई करते हुए दो जगहों पर अवैध कॉलोनियों के अंदर बनाए गए निर्माण को जेसीबी से तोड़ डाला।
जिला नगर योजनाकार नवीन कुमार की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट पंचायती राज तकनीकी विंग के एसडीओ प्रवीण बजाज की अगुवाई में हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो के सहयोग से शिक्षा बोर्ड के पीछे करीब एक एकड़ कृषि भूमि पर काटी गई अवैध कॉलोनी के अंदर तोड़फोड़ की। डीटीपी की जेसीबी शिक्षा बोर्ड के पीछे करीब एक एकड़ कृषि भूमि पर काटी गई अवैध कॉलोनी में पहुंची। जहां पर पांच डीपीसी तोड़ी गई।
इसके बाद राजस्व संपदा राजपूरा खरकड़ी के पास करीब दो एकड़ कृषि भूमि पर काटी गई अवैध कॉलोनी में पीला पंजा चला। टीम ने यहां 13 डीपीसी, चार चहारदीवारी और दो अवैध निर्माणों को तोड़ा गया।
-
उपायुक्त महावीर कौशिक के निर्देश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट और स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो के सहयोग से दो जगहों पर तीन एकड़ कृषि भूमि पर काटी गई अवैध कॉलोनियों के अंदर तोड़फोड़ की गई है। विभाग का ये अभियान निरंतर जारी रहेगा। आम लोगों से भी अनुरोध किया जा रहा है कि वे अवैध कॉलोनाइजरों के सस्ता प्लाट खरीद करने के झांसे में न आएं। इस तरह की कॉलोनी में किसी भी तरह की भूमि खरीद फरोख्त पर डीटीपी की तरफ से निर्माण करने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।
-नवीन कुमार, जिला नगर योजनाकार, भिवानी।