भिवानी। हरियाणा राज्य परिवहन मुख्यालय ने भिवानी डिपो को कैशलेस करने की तैयारी कर ली है। छह माह के अंदर रोडवेज विभाग में ई-टिकटिंग मशीनें आ जाएंगी और प्रत्येक कंडेक्टर को ई-टिकटिंग मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक ई-टिकटिंग मशीन में जीपीएस सिस्टम लगा होगा, जिससे कंडक्टर की गतिविधियों पर भी निगरानी रहेगी और कोई गड़बड़ी नहीं होगी। इतना ही नहीं मेट्रो की तर्ज पर अब रोडवेज विभाग में बस पास की जगह एनसीएमसी कार्ड (नेशनल कॉमन मोवेलिटी कार्ड) उपलब्ध बनेगा। जिसके जरिए बिना कैश के भी रोडवेज बसों में सफर करना आसान होगा।
अब तक रोडवेज विभाग में सामान्य बस पास बनाए जाते थे, जिसमें अधिकांश छात्रों के ही बस पास बनते थे। लेकिन अब मेट्रो की तर्ज पर एनसीएमसी कार्ड बनाए जाएंगे। सोमवार को हरियाणा राज्य परिवहन विभाग मुख्यालय के उप परिवहन नियंत्रक (डीटीसी) स्टोर ने यह जानकारी दी। उन्होंने भिवानी बस स्टैंड और रोडवेज कर्मशाला का विशेष निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्हें कई खामियां भी नजर आई। जिनकी उन्होंने विडियो बनाई और स्थानीय अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के उप परिवहन नियंत्रक सत्यप्रकाश परमार सोमवार सुबह 11 बजे भिवानी बस स्टैंड पर पहुंचे और रोडवेज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान रोडवेज के स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे। डीटीसी ने बस स्टैंड के अंदर लगी दुकानों पर भी एतराज जताया और जल्द इन्हें बाहर कराने के निर्देश दिए, वहीं बस स्टैंड बूथों के पास ऑटो देखकर भी डीटीसी भड़क उठे और एक ऑटो की तो उन्होंने अपने आगे ही हवा तक निकलवा दी और आइंदा बस स्टैंड के अंदर किसी भी प्राइवेट वाहन को प्रवेश नहीं देने की सख्त हिदायतें भी दी। इसी तरह बस स्टैंड परिसर के बाहर लगी रेहड़ियां को देखकर भी डीटीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने रोडवेज अधिकारियों से बातचीत कर उपायुक्त को पत्र लिखने की बात कही।
नो पार्किंग में खड़े थे वाहन, डीटीसी ने जताई आपत्ति
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में नो पार्किंग जोन में निजी वाहन खड़े देखकर डीटीसी ने कड़ी आपत्ति जताई और स्थानीय रोडवेज अधिकारियों को यहां पर वाहन खड़ी नहीं करने देने की हिदायत दी। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर के अंदर बिना अनुमति सामान बिक्री करने व जूता पोलिस करने वालों को भी यहां से स्थानांतरित किए जाने की हिदायतें दी।
बस स्टैंड पर बंद मिली एलईडी
डीटीसी ने बस स्टैंड पर निरीक्षण के दौरान यात्रियों के लिए लगाई एलईडी टीवी बंद मिले। यात्रियों के बैठने की व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए गए। बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए दो एलईडी टीवी लगाई गई हैं, लेकिन ये बंद हैं।
कर्मचारियों से की बात, यात्रियों से भी लिया फीडबैक
डीटीसी ने निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड पर यात्रियों से बातचीत कर परिवहन सेवाओं का फीडबैक लिया और सुधार की गुंजाइश पर भी राय जानी। इसके बाद रोडवेज कर्मशाला में पहुंचकर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वर्कशॉप की कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
वर्जन:::
परिवहन मुख्यालय के निर्देश पर भिवानी डिपो का निरीक्षण किया है। यहां की व्यवस्थाएं जांची हैं और कुछ बिंदुओं पर सुधार की गुंजाइश भी बनी है, जिसके लिए मुख्यालय से पत्राचार कर स्थानीय प्रशासन की मदद से इन कमियों को जल्द दूर कराए जाने का प्रयास किया जाएगा। रोडवेज नई व्यवस्था बनाने जा रहा हैं, इसमें ई-टिकटिंग व कार्ड व्यवस्था जारी करना है।
- सत्यप्रकाश परमार, उप परिवहन नियंत्रक स्टोर, परिवहन मुख्यालय चंडीगढ़।
मुख्यालय से आए उच्चाधिकारी ने बस स्टैंड और रोडवेज कर्मशाला की व्यवस्थाएं जांची हैं। डीटीसी सुबह 11 बजे भिवानी पहुंचे थे और दोपहर तीन बजे तक उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया है।
- गुलाब सिंह दुहन, महाप्रबंधक भिवानी डिपो।