भिवानी। लोहारी वाला चौक के समीप बंशीपाना व विद्या नगर की हनुमान गली के अंतिम छोर तक पीने के पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोग दो साल से परेशान हैं। दोनों बस्तियों में समस्या के समाधान के लिए जनसंघर्ष समिति संघर्ष भी कर चुकी है।
वीरवार को बंशीपाना से नरेश सोनी व विद्या नगर हनुमान गली से संजय अहलावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल समाधान शिविर में गुहार लेकर पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। समिति के संयोजक व सीपीआईएम के जिला सचिव ओमप्रकाश दोनों बस्तियों के लोगों के साथ 28 मई को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता से भी मिले थे।
उन्होंने दो-तीन दिन में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन 10 दिन बाद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। प्रतिनिधिमंडल में नरेश गुप्ता, राहुल वर्मा, मनोज अग्रवाल, सुलतान सिंह, संदीप ढांडा आदि मौजूद रहे। संवाद