भिवानी। जिला तैराकी संघ की ओर से छह जुलाई को बाल भवन स्विमिंग पूल में जिलास्तरीय तैराकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राज्यस्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद राज्यस्तर से चयनित खिलाड़ी 18 से 23 अगस्त तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर एवं सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
जिला तैराकी संघ के सचिव चेतन प्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता के जूनियर आयु वर्ग में ग्रुप-ए (17 से 18 वर्ष) और ग्रुप-बी (15 से 16 वर्ष) के खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं सब जूनियर वर्ग में ग्रुप-दो (13 से 14 वर्ष), ग्रुप-तीन (11 से 12 वर्ष), ग्रुप-चार (8 से 9 वर्ष), ग्रुप-पांच (6 से 7 वर्ष) तथा ग्रुप-छह (6 वर्ष से कम आयु) के खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी छह जुलाई को सुबह नौ बजे से पहले अपना पंजीकरण करवा लें। पंजीकरण के समय आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी बहादुरगढ़ के सेक्टर-37 स्थित एचएल सिटी में आयोजित राज्यस्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद राज्यस्तर से चयनित खिलाड़ी 18 से 23 अगस्त तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एवं सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।