तोशाम। उपमंडल क्षेत्र में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को लेकर जिला परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने इस संबंध में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) को पत्र लिखकर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला परिषद सीईओ ने पत्र में उल्लेख किया है कि तोशाम क्षेत्र में लगातार नई अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। इन कॉलोनियों में न तो सीवर व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा कॉलोनियों के लिए न तो सीएलयू लिया जा रहा है और न ही अन्य आवश्यक दस्तावेज पूरे किए जा रहे हैं, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पत्र में कहा गया है कि अवैध कॉलोनियों पर तुरंत रोक लगाई जाए ताकि अवैध प्रॉपर्टी डीलरों पर लगाम लग सके और आम लोगों को ऐसे कॉलोनाइजरों के चंगुल में फंसने से बचाया जा सके।
इस मामले में जिला परिषद की चेयरपर्सन अनिता मलिक ने कहा कि तोशाम में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को लेकर वह कई बार जिला नगर योजनाकार को पत्र लिख चुकी हैं लेकिन अब तक अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीटीपी न तो जिला परिषद की बैठकों में उपस्थित हो रहे हैं और न ही अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन कर रहे हैं।
अनिता मलिक ने कहा कि डीटीपी की लापरवाही के कारण सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है जबकि अवैध कॉलोनाइजर इसका खुलकर लाभ उठा रहे हैं। कॉलोनाइजर अवैध रूप से काटी गई कॉलोनियों में किसी भी प्रकार की बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं करवा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को भविष्य में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।