कैरू के राजकीय महिला महाविद्यालय में मनोरोग चिकित्सक डॉ नन्दिनी लाम्बा को सम्मानित करते महाविद
तोशाम/कैरू। मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत राजकीय महिला महाविद्यालय कैरू व सीएचसी कैरू में जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सामान्य अस्पताल भिवानी से मनोरोग चिकित्सक डॉ. नंदिनी लांबा रहीं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. दीपिका व व्हाइट क्रॉस सोसाइटी की निदेशक पूनम कुमारी ने उनका स्वागत किया।
मनोरोग चिकित्सक डॉ. नंदिनी लांबा ने कहा कि मनोरोग और डिप्रेशन जैसी बीमारियां आम हो रही हैं। इसकी प्रमुख वजह एकल परिवार हैं। पूर्व में जब संयुक्त परिवार होते थे, तो लोग तनाव के दिनों में अपनी परेशानियों को परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ बांट कर अपनी मुश्किलों को कम कर लेते थे। इससे वह अवसाद की स्थिति में नहीं आ पाते थे।
डॉ. लांबा ने छात्राओं से आह्वान किया की स्क्रीन टाइम एक घंटे से ज्यादा न हो, इससे ब्रेन के सेल डैमेज होते हैं। जो दोबारा नहीं बनते। इसलिए सोशल मीडिया का कम से कम प्रयोग करें।
व्हाइट क्रॉस सोसाइटी की निदेशक पूनम कुमारी ने कहा कि मनोरोग को लेकर भ्रांतियों में न उलझें और सही ढंग से समयानुसार योग्य मनोचिकित्सक से उपचार करवाना चाहिए। इस दौरान पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। वहीं विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सोनू, डॉ. यशपाल, डॉ. विनीत, डॉ. सुमीत, डॉ. अनिल मौजूद रहे।