शहर की एमसी कॉलोनी में एक दुकानदार को उधार के लिए ना कहना महंगा पड़ गया। तैश में आए युवक ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। गनीमत रही कि वार चूक गया और गर्दन पर हल्की खरोंच आई। जख्मी दुकानदार उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचा।
रविवार करीब आठ बजे एक युवक एमसी कॉलोनी स्थित अग्रवाल कन्फेक्शनरी आया और उधार में कुछ सामान मांगने लगा। दुकानदार अमित (28) ने उधार देने से मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर उक्त युवक ने अमित पर हमला बोल दिया। अमित ने बताया कि उस पर चाकू से वार किया, लेकिन वार चूकने की वजह से सीधा हमला तो नहीं कर पाया। अलबत्ता, उसे गर्दन पर खरोंच जरूर लगी।
दुकान के पास खड़े एक व्यक्ति ने हमलावर से उसे बचाया। अमित ने बताया कि इसके बाद हमलावर भाग खड़ा हुआ। इससे पहले भी वह उधार मांगने आ चुका है। जैन चौक पुलिस चौकी प्रभारी दशरथ ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है, जांच की जा रही है। जो कार्रवाई बनेगी, की जाएगी।