बरामद किए गए हथियार व गाड़ी के साथ पुलिसकर्मी राजपाल।
चांग। थाना सदर पुलिस ने गांव चांग में पेट्रोल पंप पर रात के समय गाड़ी में तेल डलवाकर सेल्समैन को पैसे न देकर पेट्रोल पंप पर सेल्समैन की मोटरसाइकिल व पंप पर तोड़फोड़ करने के मामले में एक आरोपी को जांच में शामिल किया है। आरोपी की पहचान धीरज निवासी मिताथल के रूप में हुई है।
अनिल निवासी चांग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अप्रैल की रात को एक गाड़ी में सवार तीन लड़के पेट्रोल पंप पर आए थे। जिन्होंने पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से 2659 रुपये का तेल डलवाकर तेल के पैसे देने के नाम पर बहाने बनाने लगे। वहीं आरोपियों की ओर से भागने की कोशिश करने पर सेल्समैन ने गाड़ी की चाबी निकाल ली थी। इसके बाद रात के समय दो आरोपी पेट्रोल पंप पर आए थे।
पेट्रोल पंप पर सेल्समैन की मोटरसाइकिल को तोड़फोड़ करके गए थे। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को पुलिस चौकी गुजारनी मोड़ के मुख्य सिपाही राज्यपाल ने अभियोग में एक आरोपी को अभियोग के अनुसंधान में शामिल किया है।
आरोपी धीरज के साथ इस मामले में दो नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस को आरोपी से एक आई 10 गाड़ी, एक डंडा व एक लोहे का चांद बरामद हुआ है। धीरज से पूछने पर आरोपी ने बताया कि वे तेल भरवा कर गाड़ी को घूमाना चाहते थे। जिसके लिए उनके पास पैसे नहीं थे। इसलिए पेट्रोल पंप पर तेल भरवा कर गाड़ी को भगाने का प्रयास किया था।