भिवानी के गांव देवसर के दुर्गा माता मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की भीड़।
भिवानी। गांव देवसर के देवी माता मंदिर में अष्टमी पर श्रद्धालुओं का तांता लगेगा। सोमवार शाम से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। वहीं मंगलवार देर रात तक माता के मंदिर में दर्शनों के लिए महाकुंभ जुटेगा।
मंदिर के पुजारी विक्रम तंवर ने बताया कि देवसर माता मंदिर के प्रति देश विदेशों तक लोगों में मान्यता है। भिवानी जिले व अन्य प्रांतों से जुड़े व्यक्ति कहीं भी अपना कारोबार कर रहे हैं, वे नवरात्र में देवी के दर्शनों के लिए यहां आते हैं। मंदिर में सोमवार को भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देवी से मांगी गई मन्नत पूरी होने पर कुछ श्रद्धालु पेट के बल भी मंदिर में देवी के दर्शनों के लिए पहुंचे वहीं अष्टमी पर कंजका पूजन के लिए भी घरों में अनुष्ठान होंगे। जिन घरों में माता की अखंड ज्योति प्रज्वलित हैं, वे कंजका पूजन के साथ ही अपना संकल्प भी पूरा करेंगे। मंगलवार को कंजका पूजन होगा। इसी को लेकर शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों के समय में बदलाव किया है। मंगलवार को सभी स्कूल सुबह साढ़े आठ बजे की बजाए सुबह दस बजे लगेंगे और छुट्टी भी दोपहर बाद डेढ़ से दो बजे तक होगी। ऐसे में कंजका पूजन करने वालों को बेटियों की तलाश में नहीं भटकना पड़ेगा। क्योंकि अधिकांश बच्चे सुबह ही स्कूल चले जाते हैं, जबकि अनुष्ठान पूरा करने में सुबह दस बज जाते हैं।