बस स्टैंड से वाया दादरी गेट होते हुए अनाजमंड़ी ओवरब्रिज तक सड़क मार्ग हाई-वे जैसा होगा। डिवाइडर पर लोहे की ग्रिल और लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (नाही) की रोहतक यूनिट ने एस्टिमेट तैयार कर भेजा है। मंजूरी मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
करीब दो साल पूर्व नए बस स्टैंड से रोहतक गेट, अनाजमंड़ी ओवरब्रिज होते हुए लोहारू रोड को नेशनल हाईवे घोषित किया गया था। नेशनल हाइवे का दर्जा मिलने के बाद नाही ने करीब सालभर पहले बस स्टैंड से रोहतक गेट, अनाजमंड़ी ओवरब्रिज तक का निर्माण करवाया था। अब मार्ग को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मार्ग को बहुत कुछ रोहतक की तर्ज पर डेवलप किया जाएगा। अब तक शहर के सबसे पिछड़े क्षेत्र का तमगा हासिल करने वाले दादरी गेट, बावड़ी गेट, हालुवास गेट क्षेत्र में शहर की सबसे बेहतर सड़क होगी।
डिवाइडर पर ग्रिल लगने से रुकेंगे हादसे
नाही की नई योजना के अनुसार डिवाइडर को पूरी तरह ग्रिल से कवर किया जाएगा। ग्रिल के बीच ही पौधे लगाए जाएंगे। मगर ये ग्रिल लगने के बाद कोई भी कहीं से भी सड़क पार नहीं की जा सकेगी। ग्रिल के बीच कुछ स्थान निर्धारित किए जाएंगे और वहीं से मार्ग को पार किया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे सड़क हादसों में भी कमी आएगी।