भिवानी। भीम स्टेडियम में रविवार को बालकों की दो दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-11 व 14 आयु वर्ग की स्कूली खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 आयु वर्ग की बैडमिंटन स्पर्धा में देवांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। देवान संधु द्वितीय, खुशहाल तृतीय, साकेत भारद्वाज चौथे और अरिहान शर्मा पांचवें स्थान पर रहे।
वहीं अंडर-14 आयु वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढ़ाणा लाडनपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय उच्च विद्यालय अजीतपुर की टीम द्वितीय रही। प्रतियोगिता का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी अनिल गौड़ ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। आयोजन की देखरेख नोडल अधिकारी मदन गोपाल, प्रवक्ता द्वारा की जा रही है।
पीटीआई विनोद पिंकू ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में ओलंपिक व नॉन-ओलंपिक दोनों श्रेणियों के खेलों को शामिल किया गया है। इनमें हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, जिमनास्टिक, हैंडबॉल, जूडो, तैराकी, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, वॉलीबॉल, कुश्ती, बेसबॉल, कबड्डी, शतरंज, नेटबॉल, स्केटिंग, योग, कैरम व रस्सा कसी जैसे खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका सुखदेव डीपीई, राजेश्वर डीपीई, राजेश सिवाच, राजवंती प्रवक्ता, सुनील कोहड़, सुशील दहिया, श्रीपाल डीपीई, रामचंद्र पूनिया ने निभाई।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
खंड स्तरीय अंडर-11 स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता में 20 किलोग्राम भार वर्ग में भिवानी के शौर्या ने पहला स्थान प्राप्त किया। 22 किलोग्राम वर्ग में अविश (भिवानी) पहले और अरविंद (खरक) दूसरे स्थान पर रहे। 24 किलो वर्ग में मयंक (सांगा) ने प्रथम और पीयूष (भिवानी) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 26 किलो वर्ग में पूर्व बीएसआई (सांगा) पहले और दियान (भिवानी) दूसरे स्थान पर रहे। 28 किलो वर्ग में अखिल (भिवानी), 30 किलो में लविश (भिवानी), 32 किलो में विरासत (कलिंगा), 34 किलो में जसबीर (भिवानी) पहले स्थान पर रहे। वहीं 34 किलो से अधिक भार वर्ग में चिराग (भिवानी) ने प्रथम और नक्षराज (खरक) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।