भिवानी। स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार नागरिक अस्पताल भिवानी में डेंगू की सभी जांच निशुल्क की जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि अस्पताल परिसर में सेंट्रल डेंगू जांच प्रयोगशाला स्थापित की गई है, जहां डेंगू के एनएस-1 और आईजीएम टेस्ट मुफ्त किए जा रहे हैं। इसके साथ ही रक्तकोष में डेंगू मरीजों के लिए प्लेटलेट्स की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जुलाई माह को डेंगू रोधी माह के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें लोगों को जागरूक करने के लिए घर-घर अभियान चलाया जा रहा है।
डॉ. शांडिल्य ने कहा कि निजी प्रयोगशालाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे मरीजों से एनएस-1 और आईजीएम टेस्ट डेंगू जांच के लिए 600 रुपये से अधिक शुल्क न लें। उन्होंने बताया कि डेंगू रोगियों के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में जाकर मुफ्त जांच की सुविधा का लाभ उठाएं।
डेंगू का कारण है एडीज मच्छर
सीएमओ ने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो दिन में काटता है और साफ व ठहरे हुए पानी में पनपता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूलर, सकोरे, टंकी, टायर और नारियल के खोल जैसे स्थानों पर पानी जमा न होने दें।
हर रविवार मनाएं ‘सूखा दिवस’
जनमानस को जागरूक करते हुए डॉ. शांडिल्य ने कहा कि हर रविवार को ‘सूखा दिवस’ के रूप में मनाएं। इस दिन कूलर, फ्रीज की ट्रे, गमले और अन्य बर्तनों को खाली कर सूखने के लिए रखें, ताकि मच्छर के अंडे व लारवा न पनप सकें।
डेंगू के प्रमुख लक्षण
अचानक तेज बुखार
सिर दर्द
मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द
आंखों में दर्द
मतली और उल्टी
त्वचा पर लाल चकत्ते
बचाव के उपाय
घरों और आसपास मच्छर रोधी उपाय अपनाएं
सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से फॉगिंग कराएं
जलभराव न होने दें
सकोरों का पानी नियमित रूप से बदलें
मच्छर रोधी क्रीम या दवा का प्रयोग करें
पानी की टंकियों को ढक्कन से बंद रखें
बुखार आने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें
नागरिक अस्पताल में डेंगू जांच की सभी सुविधाएं मुफ्त दी जा रही हैं। साथ ही प्लेटलेट्स की भी पर्याप्त व्यवस्था है। स्वास्थ्य विभाग जुलाई माह को डेंगू रोधी माह के रूप में मना रहा है और टीम द्वारा घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
- डॉ. रघुवीर शांडिल्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, भिवानी