भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर लोहारू रोड पर बने पुराने रेलवे ओवरब्रिज को तोड़ना शुरू कर दिया है। अब इस पर नया पुल बनने की वजह से करीब डेढ़ साल के लिए बंद कर दिया है। ऐसे में रोडवेज की बसों को भी लोहारू, बहल और चरखी दादरी की तरफ जाने के लिए करीब सात किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी।
रोडवेज बसों के लिए भी अब रोडवेज ने संभावित रूट तय किया है। असकी वजह से इन रूटों पर दौड़ने वाली बसों का सफर पांच से सात रुपये महंगा हो सकता है। संभावित रूट के हिसाब से रोडवेज की बसें अब तोशाम रेलवे ओवरब्रिज से होकर बाईपास पर पहुंचेंगी, जहां से गंतव्य की ओर बढ़ेंगी। पहले ये रोहतक गेट से लोहारू रेलवे ओवरब्रिज से होते हुए सीधे बहल, लोहारू और दादरी की तरफ आवागमन करती थी।
लोहारू रोड पर बने पुराने रेलवे ओवरब्रिज से होकर लोहारू, पिलानी और राजस्थान के अलावा चरखी दादरी होते हुए नारनौल महेंद्रगढ़ तक बस जा रही हैं। इसी तरह बहल होते हुए राजगढ़ से राजस्थान तक भी बस पहुंच रही हैं। इन बसों को लोहारू रोड पुराना रेलवे ओवरब्रिज तोड़े जाने से बस स्टैंड से अग्रसेन चौक होते हुए या फिर मिनी बाईपास होते हुए बड़ चौक, पंचायत भवन लघु सचिवालय के सामने से बासिया भवन रेस्ट हाउस होकर वैश्य कॉलेज के पास तोशाम रेलवे ओवरब्रिज होकर बाईपास जाना होगा। बाईपास से फिर ये बसें देवीलाल चौक तक पहुंचेंगी। जहां से आगे का सफर तय होगा। यही रूट आने का भी होगा।
इस लिहाज से करीब सात किलोमीटर अधिक दूरी रोडवेज बसों को तय करनी पड़ेगी। जिस पर खर्च भी बढ़ेगा। ऐसे में रोडवेज विभाग इसका भार यात्रियों की जेब पर डाल सकता है। क्योंकि भिवानी-महम मार्ग पर गांव कालुवास में रेलवे ओवरब्रिज करीब साढ़े तीन साल से बन रहा है। इस वजह से भिवानी से महम जाने वाले वाहनों पर भी काफी अर्से से पांच रुपये अतिरिक्त किराया वसूला जा रहा है।
अब भिवानी से लोहारू और बहल जाने में लग सकते हैं डेढ़ से दो घंटे
भिवानी से लोहारू रूट पर हर दस मिनट के बाद रोडवेज की बस सर्विस है। इसी तरह चरखी दादरी के लिए भी हर दस मिनट में बसें चलाई जा रही हैं। जबकि भिवानी से बहल रूट पर 20 मिनट में एक बस चलाई जा रही है। इस तरह से दिनभर में रोडवेज की बसें काफी चक्कर इन रूटों पर लगाती हैं। अब भिवानी से लोहारू जाने में करीब डेढ़ से दो घंटे लग सकते हैं, इसी तरह चरखी दादरी का भी मात्र आधे घंटे का सफर अब एक घंटे भर का होने वाला है। इसी तरह बहल पहुंचने के लिए भी करीब डेढ़ से दो घंटे लग जाएंगे। क्योंकि रोडवेज बसों को शहर के अंदर से होकर जाना पड़ेगा जहां जाम हुआ तो फिर सफर में देरी तय है।
सरकुलर रोड पर बढ़ेगा वाहनों का जाम
लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज बंद होने से शहर के सरकुलर रोड पर वाहनों का अधिक दबाव बढ़ेगा, जिससे जाम की स्थिति बनेगी। वहीं देवसर चुंगी क्षेत्र फाटक पर भी ट्रैफिक को लेकर विकट परिस्थिति बनेगी। क्योंकि यहां पर पहले से ही दिनभर जाम लगा रहता है। देवसर चुंगी चौक पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है, लेकिन इसके बावजूद यहां हालुवास गेट की तरफ से आने वाले वाहनों और जोगीवाला मंदिर की तरफ से जाने लोहारू की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही से दिनभर व्यवस्था जाम में ही उलझी रहेगी।
रोडवेज विभाग की ओर से लोहारू रेलवे ओवरब्रिज बंद किए जाने पर रोडवेज बसों का रूट और किराया निर्धारण को लेकर बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें लोहारू, चरखी दादरी और राजस्थान की तरफ जाने वाली बसों का रूट निर्धारण किया जाएगा।
-विक्रम कंबोज, डिपो महाप्रबंधक, भिवानी डिपो हरियाणा राज्य परिवहन विभाग।