लघु सचिवालय के समीप रोड के किनारे लगे होर्डिग्स।
भिवानी। मनमानी करने वालों के लिए शायद कायदे कानून मायने नहीं रखते। इसीलिए नगर परिषद की ओर से लघु सचिवालय के सामने की ग्रीन बेल्ट पर होर्डिंग्स व बैनर लगाने पर प्रतिबंध के बावजूद भी अपने लोकप्रियता के लिए बैनर व होर्डिंग लगाने वाले बाज नहीं आ रहे।
यह बात अधिवक्ता प्रिया लेघां ने लघु सचिवालय के सामने ग्रीन बेल्ट में लगे प्रचार होर्डिंग्स हटवाने की मांग करते हुए कही। अधिवक्ता प्रिया लेघां ने कहा कि इन प्रतिबंधित स्थानों पर होर्डिंग्स व बैनर लगाने पर उन्होंने आपत्ति दर्ज करवाई थी और नगर परिषद चेयरपर्सन को लिखित में शिकायत दी थी। इसके बाद नगर परिषद ने त्वरित कार्रवाई थी और उन्हें हटवा दिया था।
अधिवक्ता प्रिया लेघां ने कहा कि लघु सचिवालय के सामने ग्रीन बेल्ट पर होर्डिंग्स लगाने पर नगर परिषद की ओर से प्रतिबंध लगाया हुआ है। लेकिन इसके बावजूद भी कुछ लोग अपने प्रचार के लिए ग्रीन बेल्ट पर सड़क के बीचों-बीच होर्डिंग्स व बैनर लगाए हुए हैं। ग्रीन बेल्ट सड़क को दो भागों में विभाजित करती है।
होर्डिंग्स व बैनर लगने से साइड नजर नहीं आती और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस पर नगर परिषद को ध्यान देते हुए इस पर और भी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। प्रिया लेघां ने कहा कि नगर परिषद को जनहित के इस कार्य में त्वरित कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाए।