मांगों को लेकर नारेबाजी करते कर्मचारी।
भिवानी। दमकल विभाग में भेजे गए रोडवेज चालकों को वापस बुलाने की मांग को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने सोमवार को बस स्टैंड पर दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया और महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने कहा कि चालकों की कमी के कारण बस संचालन प्रभावित हो रहा है और आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शन की अध्यक्षता डिपो उपप्रधान प्रताप सिंह राठौड़ ने की जबकि संचालन डिपो सचिव अनिल नागर ने किया। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद, राज्य उप महासचिव पवन शर्मा और राज्य नेता राजेश शर्मा ने कहा कि दमकल विभाग की लंबे समय से चल रही हड़ताल के चलते रोडवेज चालकों की सेवाएं वहां ली जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि रोडवेज में पहले ही चालकों की कमी है। ऐसे में चालकों को दमकल विभाग में भेजे जाने से बसों के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई बसें डिपो में खड़ी हैं, जिससे विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही कई रूटों पर बसें नहीं चल पाने से आम जनता को पर्याप्त परिवहन सुविधा नहीं मिल पा रही है।
कर्मचारी नेताओं ने यह भी कहा कि रोडवेज चालकों को अग्निशमन यंत्र चलाने का अनुभव नहीं है। ऐसे में भीषण गर्मी के दौरान आपात स्थिति में इससे हरियाणा की जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि फरीदाबाद में आग बुझाते समय शहीद हुए दमकल कर्मचारियों को शहीद का दर्जा दिया जाए उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी पक्की नौकरी दी जाए। इस मौके पर राजपाल सिंह कितलाना, बिशनपाल, बिजेंद्र सिंह नाथवास, राकेश दहिया, अजय बडेसरा, अशोक सोरखी, जयदीप फौजी और राजन चालक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।