फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: ओवरब्रिज और सर्विस रोड के निर्माण में तेजी लाने की मांग

Tue, 11 Nov 2025 01:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
लोहारू रोड पर हिचकोले खाते वाहन।
विज्ञापन
भिवानी। पर्यावरण प्रहरी सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त से मुलाकात कर लोहारू रोड ओवरब्रिज और सर्विस रोड निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। साथ ही निर्माण के दौरान उड़ती धूल-मिट्टी से लोगों को राहत देने के लिए प्रतिदिन पानी का छिड़काव करवाने की अपील भी की। उपायुक्त ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देते हुए रेलवे विभाग के कार्यकारी अभियंता शैलेंद्र कुमार से बात की और उन्हें मंगलवार को मौके पर जाकर लोगों की शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


काफी समय से लोहारू रोड ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे वाहन चालकों, राहगीरों और क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ओवरब्रिज निर्माण और देवसर चुंगी रेलवे फाटक के लंबे समय तक बंद रहने के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल आमजन की दिनचर्या प्रभावित होती है, बल्कि ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारी और मरीजों की एंबुलेंस भी फंस जाती हैं।

सोसाइटी के सदस्य राजेंद्र सिंह छपारिया और नगर पार्षद सुभाष तंवर ने बताया कि ओवरब्रिज का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है और सर्विस रोड का निर्माण अब तक शुरू नहीं हुआ। सर्विस रोड के लिए छोड़े गए रास्तों पर मिट्टी और मलबा भरा पड़ा है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर उड़ती धूल-मिट्टी बुजुर्गों और बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों की हालत और बिगड़ रही है, इसलिए रोजाना पानी का छिड़काव जरूरी है।
विज्ञापन


उन्होंने जिला प्रशासन से ओवरब्रिज और सर्विस रोड का निर्माण कार्य तेज गति से करवाने की मांग की, ताकि लोगों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में सोसाइटी के सदस्य राजेंद्र सिंह छपारिया, नगर पार्षद सुभाष तंवर, नगर पार्षद संदीप यादव, पूर्व पार्षद इंद्र सैनी आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें