समाधान शिविर में दी गई शिकायत दिखाते पूर्व जिला पार्षद ईश्वर मान।
भिवानी। पूर्व जिला पार्षद ईश्वर मान ने करीब 37 साल पहले की गई सरकुलर रोड पर डॉ. भीमराव आंबेडकर छात्रावास निर्माण की घोषणा पर अमल करने का मामला उठाया है। उन्होंने इसकी समाधान शिविर में भी शिकायत दी है। इसके साथ डीएससी व ओबीसी समाज के विद्यार्थियों के लिए भी शहर में छात्रावास की सुविधा देने की मांग की है।
मान ने बताया कि छात्रावास के लिए करीब 2400 वर्गगज भूमि तय की गई। 14 अप्रैल 1988 को भिवानी में तत्कालीन उद्योगमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में तत्कालीन मुख्यमंत्री ताऊ देवीलाल ने छात्रावास की घोषणा की थी। 1989 में उद्योगमंत्री कृपाराम पूनिया ने इस छात्रावास की नींव रखकर ग्रांट भी जारी की थी।
समाज की संस्था की ओर से पुराने रेट के हिसाब से पैसा भी जमा करा दिया था, कुछ समय बाद प्रदेश में चौधरी भजनलाल की सरकार बन गई थी। सरकार ने नए कानून लगाकर एससी समाज की संस्था से और पैसा जमा कराने के लिए नोटिस दिया। इतना ज्यादा पैसा एससी समाज की ओर से नहीं दिया जा सका था। इसके बाद इस प्लाॅट की अलाटमेंट को भी सरकार ने रद्द कर दिया था। इसके बाद प्रदेश में सरकारें बदलती रहीं लेकिन छात्रावास का मसला 37 सालों से टस से मस तक नहीं हुआ।