पहाड़ी गांव में मारपीट मामले में घायल बेलदार।
- फोटो : 1
ढिगावामंडी। पहाड़ी गांव में नहर के निरीक्षण के दौरान बेलदार से मारपीट के मामले में ग्रामीणों और सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने लोहारू थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
सिंचाई विभाग में बेलदार पहाड़ी गांव निवासी रविंद्र की शिकायत के अनुसार सात अक्तूबर की रात करीब 10 से 11 बजे वह बुढेड़ी माइनर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां रामकिशन उर्फ छोटिया पानी छोड़ रहा था। रविंद्र ने उसे रोककर माइनर बंद करने को कहा तो विवाद हो गया।
शिकायत के अनुसार रामकिशन छह-सात अन्य लोगों के साथ पहुंचा और रविंद्र से गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से मारपीट की। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घायल रविंद्र को लोहारू के सरकारी अस्पताल से भिवानी के सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। थाना लोहारू पुलिस ने 8 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज की जिसमें रामकिशन उर्फ छोटिया के साथ तीन अज्ञात आरोपियों का भी उल्लेख है।
ज्ञापन में ग्रामीणों और कर्मचारियों ने सभी संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।