भिवानी। पूर्व जिला पार्षद ईश्वर सिंह मान ने शहर के सार्वजनिक पार्कों की गंदगी और दुर्दशा पर आवाज उठाई है। उन्होंने उपायुक्त को समाधान शिविर के माध्यम से दो शिकायत पत्र सौंपे, जिसमें पार्कों के सुंदरीकरण और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की गई।
मान ने पुराना बस स्टैंड के पीछे नया बाजार स्थित ठाकुर बीर सिंह मेमोरियल पार्क का मामला प्रमुख रूप से उठाया। उन्होंने बताया कि पार्क में पिछले छह महीनों से कूड़े के बड़े ढेर पड़े हैं। रामसिंह वर्मा वाली गली के पास पार्क की चारदीवारी पर गोबर के उपले फेंके जा रहे हैं, जिससे पार्क की सुंदरता पूरी तरह नष्ट हो गई है। सैंकड़ों बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे जो पार्क में सुबह-शाम सैर करने आते हैं, गंदगी और अव्यवस्था के कारण परेशान हैं।
उन्होंने चेताया कि यदि प्रशासन ने जल्द ही सफाई और मरम्मत का कार्य नहीं किया, तो जनता के हित में आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि अन्य पार्कों की तरह इन पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाए ताकि बच्चे और परिवार दोबारा सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में खेल और सैर कर सकें।