भिवानी। सेक्टर-13 न्यू हाउसिंग बोर्ड एवं ईडब्ल्यूएस क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल, सीवरेज, बरसाती पानी की निकासी एवं बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को क्षेत्रवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त भिवानी से मुलाकात कर विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी के अधीक्षण अभियंता को भी अलग से मांग पत्र सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल में नगर परिषद भिवानी के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा, दि भिवानी अर्बन एस्टेट वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रधान हर्षदीप डूडेजा, महासचिव चिरंजीलाल सांवरिया, सत्यवान हसान, शंकर आहूजा एवं अजीत नांदल शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सेक्टर-13, न्यू हाउसिंग बोर्ड एवं ईडब्ल्यूएस क्षेत्र के निवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का सामना कर रहे हैं जिनका स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो पाया है।
उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं है और कई स्थानों पर दबाव कम होने के कारण अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। क्षेत्र की बढ़ती आबादी के अनुसार जल भंडारण क्षमता भी अपर्याप्त है। इसके अलावा सीवर लाइनों की नियमित सफाई न होने और बरसात के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में जलभराव की स्थिति बन जाती है जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिससे नागरिकों की समस्याएं और बढ़ जाती हैं। मांग पत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिरिक्त जल भंडारण क्षमता विकसित करने, सीवर व्यवस्था में सुधार करने तथा बरसाती पानी की निकासी के स्थायी प्रबंध करने की मांग की गई।