बोर्ड चेयरमैन के साथ स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन हसला के सदसय।
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सरकारी विद्यालयों की ऑनलाइन संबद्धता की अंतिम तिथि बढ़ाकर 2 अक्तूबर कर दी है। इससे तकनीकी दिक्कतों या अन्य कारणों से समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाने वाले करीब 1034 सरकारी विद्यालयों को राहत मिली है।
हसला के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु ने बताया कि समय पर प्रक्रिया पूरी न होने से स्कूलों और शिक्षकों में असमंजस की स्थिति थी। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 25 सितंबर को बोर्ड चेयरमैन से मुलाकात कर अंतिम तिथि बढ़ाने और सरकारी विद्यालयों को विलंब शुल्क से छूट देने की मांग की थी।
सतपाल सिंधु ने कहा कि शिक्षा मंत्री के सकारात्मक हस्तक्षेप और बोर्ड प्रशासन के सहयोग से समय सीमा बढ़ाई गई है। हसला के जिला प्रधान महेंद्र मान ने कहा कि इससे ग्रामीण और दूरदराज के विद्यालयों में बनी चिंता कम हुई है। उन्होंने सभी स्कूल मुखियाओं और प्रभारियों से 2 अक्तूबर तक ऑनलाइन संबद्धता प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।