शहीद स्मारक पर पुष्पाजंलि अर्पित करते उपायुक्त अजय कुमार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
जिला सैनिक बोर्ड की ओर से आर्म्स फोर्स वेटर्न-डे पर मंगलवार को नेहरू पार्क में एक कार्यक्रम किया। जिसमें उपायुक्त अजय कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि देश को आजाद करवाने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। अमर शहीदों की बदौलत ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि युवा पीढ़ी को शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेनी चाहिए कि देश से बढ़कर कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना होना जरूरी है
उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर समय तत्पर है। जिला सैनिक बोर्ड द्वारा भी समय-समय पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। इस दौरान उपायुक्त ने जिला सैनिक बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भूतपूर्व सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों व युद्ध वीरांगनाओं के परिवारों को उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जागरूक करें ताकि वे उनका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में जिला सैनिक बोर्ड के उपाध्यक्ष कर्नल रणधीर सिंह पंवार, राजेंद्र झांझड़िया, सेक्टर 23 रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र सिंह श्योराण, सुंदरलाल, भोपाल सिंह, अमित कुमार, संदीप कुमार, सुरेंद्र सिंह व सुंदर सिंह आदि मौजूद रहे।