भिवानी। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित एक अस्पताल में खपत 12 से 15 ऑक्सीजन सिलिंडर की है और मांग की जा रही है 25 से 30 सिलिंडर। मांग पर पांच मई को 35 सिलिंडर भी मुहैया करवाए गए। उपायुक्त जयवीर सिंह ने निरीक्षण किया तो सारी पोल खुली। अब उपायुक्त की ओर से अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अस्पताल को हुई ऑक्सीजन सप्लाई की पूरी जानकारी मांगी गई है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से हाहाकार मचा है। ऑक्सीजन की कमी ने समस्या और ज्यादा बढ़ा दी है। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही ऑक्सीजन की मांग काफी बढ़ गई है। ऐसे में कुछ अस्पताल ऑक्सीजन के स्टॉक में भी लग गए हैं। ऐसा ही एक मामला पुराना बस स्टैंड के एक निजी अस्पताल का सामने आया है। उपायुक्त ने बुधवार शाम उक्त निजी अस्पताल का निरीक्षण किया। जिसमें गड़बड़ी सामने आई।
उपायुक्त की ओर से अस्पताल को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि कहीं कालाबाजारी तो नहीं की जा रही है। नोटिस में कहा गया कि आपके अस्पताल में मांग 12 से 15 सिलिंडर की है और आपकी ओर से मांग 25 से 30 सिलिंडर की भेजी जा रही है। पांच मई को 35 सिलिंडर भी दिए गए। इसके बावजूद आपकी मांग बढ़ रही है। अस्पताल संचालकों से तुरंत ऑक्सीजन की खपत, दाखिल मरीजों, खर्च आक्सीजन की जानकारी मांगी गई है। पिछले एक सप्ताह का रिकॉर्ड मांगा गया है।