भिवानी। जिले की सभी सरकारी व निजी आईटीआई में कार्यरत प्रशिक्षकों का डाटा अब ऑनलाइन उपलब्ध होगा। इसके लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षक प्रणाली मॉड्यूल बनाया गया है जिसमें प्रशिक्षकों को अपनी पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।
वर्ष 2023 में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना पाठ्यक्रमों के लिए एनसीवीटी एमआईएस पोर्टल काम नहीं करने के कारण स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआइडीएच) पोर्टल बनाया गया। एनसीवीटी एमआइएम पोर्टल की जानकारी अब एसआइडीएच पोर्टल पर स्थानांतरित कर दी गई है। इसके तहत प्रशिक्षण प्रबंधन को मजबूत करने और प्रशिक्षकों की उपलब्धता में कमियों को दूर करने के लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षक प्रबंधन प्रणाली का कार्यान्वयन किया गया है।
पंजीकरण के लिए दस्तावेज तैयार रखें और समय पर रजिस्ट्रेशन करवाएं
सभी प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित संस्थाओं में कार्यरत सभी प्रशिक्षकों – नियमित, अनुबंधित या गेस्ट – का एसआइडीएच पोर्टल के एनआईएमएस मॉड्यूल पर 30 मार्च तक पंजीकरण कराएं। पंजीकरण पूरा होने के बाद जिन प्रशिक्षकों ने अपना सत्यापन करवा लिया होगा, उनकी मैपिंग 1 से 30 अप्रैल के बीच की जाएगी। इसके बाद 1 मई से सीट मैट्रिकस 2026 के लिए पंजीकरण किया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षक की यूनिट आईडी बन जाएगी जिससे उनका पूरा ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। शहर की राजकीय आईटीआई प्राचार्य बलबीर ने बताया कि मुख्यालय की तरफ से प्रशिक्षकों का समय पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य बताया है।