भिवानी। सोमवार को भी जिले के अधिकृत खाद बिक्री केंद्रों पर डीएपी नहीं पहुंची। इसकी वजह से किसान दिनभर खाद के लिए बिक्री केंद्रों पर भटकते रहे। वहीं, इफ्को खाद बिक्री केंद्र पर तो खाद का स्टाॅक नहीं होने की वजह से सुबह से ही ताला जड़ दिया गया, जबकि हैफेड बिक्री केंद्र पर किसान पूछताछ के लिए जुटे रहे।
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना था कि खाद का नया रैक मंगलवार या बुधवार तक आएगा। दरअसल, रबी सीजन में किसान गेहूं की बिजाई में जुट गए हैं, जबकि डीएपी का स्टॉक जिले भर में खत्म हो चुका है। ऐसे में किसानों की मुसीबतें बढ़ गई हैं।
नई अनाज मंडी में इफ्को और हैफेड के अधिकृत खाद बिक्री केंद्र खुले हैं। सोमवार को दोनों ही खरीद केंद्रों पर किसान अल सुबह तीन बजे से पहुंचे हैं, लेकिन सुबह दस बजे कार्यालय में कर्मचारी पहुंचे तो किसानों को बताया कि खाद नहीं है।
इसके बाद इफ्को केंद्र में खाद का स्टॉक खाली होने की जानकारी के बाद किसान हैफेड बिक्री केंद्र पर पहुंचे, यहां पर भी उन्हें निराशा हाथ लगी। किसानों का आरोप है कि सीधे मुंह कर्मचारी जवाब भी नहीं देते और बात-बात पर पुलिस बुलाने की धमकी देते हैं। खाद आने पर भी किसानों को घंटों तक लाइनों में लग इंतजार पर मजबूर होना पड़ता है।
खाद के लिए सल्फास खाने को मजबूर हो रहे हैं किसान
खाद के लिए काफी परेशानी हो रही है। नौबत यह है कि खाद के लिए किसान सल्फास खाने को मजबूर हैं। कर्मचारी भी किसानों के साथ गलत व्यवहार कर रहे हैं। पुलिस बुलाकर पकड़वाने की धमकी तक दे रहे हैं, जबकि खाद कब तक आएगी इसका कोई संतोषजनक जवाब उनके पास नहीं है। खाद के लिए गेहूं की बिजाई का समय भी बीता जा रहा है। -किसान सुमित, मित्ताथल।
अल सुबह तीन बजे से ही किसान खाद के लिए लाइनों में लग रहे हैं, लेकिन सुबह कार्यालय खुलने पर पता चलता है कि खाद का स्टॉक नहीं है। नया रैक कब तक आएगा, इसका भी संतोषजनक जवाब किसानों को नहीं मिल रहा है। खाद के लिए किसान इधर उधर भटक रहे हैं। गेहूं बिजाई में देरी हुई तो किसान की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। इफ्को और हैफेड दोनों के पास ही खाद नहीं है। - किसान धर्मपाल, नांगल।
जो किसान नहीं कर रहे बिजाई, खाद का भंडारण न करें : कृषि उपनिदेशक
जिले में मंगलवार या बुधवार तक जिले में डीएपी का नया रैक आ जाएगा। अब तक आठ हजार मीट्रिक टन खाद का वितरण हो चुका है। जो किसान फिलहाल फसल बिजाई नहीं कर रहे हैं, वे खाद के लिए लाइनों में न लगे और एडवांस भंडारण न करें। सभी को खाद मिलेगी। इसके लिए किसानों को भी थोड़ा सहयोग करना पड़ेगा। -डॉ. विनोद फौगाट, कृषि उपनिदेशक, भिवानी।
किसानों को खाद की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी
उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि जिले के किसानों को खाद की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। रबी सीजन में अभी तक पैक्स तथा प्राइवेट डीलरों के माध्यम से जिले के किसानों को लगभग 1,65,000 बैग डीएपी, 60,000 बैग एनपीके और 45,000 बैग एसएसपी उपलब्ध करवाई जा चुकी है। इस समय भी जिले में लगभग 6,000 बैग डीएपी, 20,000 बैग एनपीके व 45,000 बैग एसएसपी खाद उपलब्ध है। जिले में सरसों की बिजाई लगभग पूर्ण हो चुकी है। गेहूं की बिजाई के लिए किसी भी किसान को डीएपी की कमी के कारण बिजाई से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सभी किसानों को आवश्यक मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
कालाबाजारी पर पैनी नजर
डीसी ने बताया कि खाद की कालाबाजारी व किसानों को खाद के साथ अन्य आइटम टैगिंग करने बारे जिला में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम छापा मार रही है। उप कृषि निदेशक डॉ. विनोद फोगाट के निर्देशानुसार उपमंडल कृषि अधिकारी भिवानी के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने भिवानी व बवानी खेड़ा खंड के प्राइवेट डीलरों पर छापेमारी की व खाद का रिकॉर्ड जांचा व दुकानदारों को खाद की ब्लैक अथवा साथ में किसी अन्य सामान की टैगिंग न करने बारे आवश्यक निर्देश दिए।