भिवानी। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में चल रहे जिलास्तरीय दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का समापन हो गया। समूह नृत्य में एसआरएस लैब स्कूल ने धाक जमाई। वरिष्ठ वर्ग में एकल नृत्य, समूह नृत्य, रागनी, नाटिका में बच्चों ने धमाल मचाया। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सैकड़ों बच्चों व अध्यापकों ने भाग लिया। ओवरऑल ट्राफी भिवानी ब्लॉक ने जीती।
कार्यक्रम संयोजक संजय सैनी ने बताया कि जिलास्तर पर प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम को राज्यस्तर पर भाग लेने का मौका मिलेगा। मुख्य अतिथि निर्मल दहिया व सुभाष भारद्वाज ने संयुक्त रूप से कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बच्चों को हरियाणवी संस्कृति, कला, नैतिक मूल्य व पर्यावरण सुधार के बारे में प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों को हरियाणवी संस्कृति, कला और नैतिक मूल्यों के बारे में प्रेरणा मिलती है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. निर्मल दहिया ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज, लोहारू खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा व मॉडल संस्कृति स्कूल प्राचार्या सविता घणघस उपस्थित रहीं। अध्यक्षता नोडल अधिकारी संजय सैनी ने की।
ये रहे परिणाम :
कार्यक्रम संयोजक संजय सैनी ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूह नृत्य में एसआरएस लैब स्कूल प्रथम, पीएमश्री राजकीय कन्या स्कूल द्वितीय व राजकीय हाईस्कूल गोलपुरा तृतीय स्थान पर रहा। एसआरके स्कूल लोहानी ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। एकल नृत्य में राजकीय कन्या स्कूल खरक कलां ने प्रथम, राजकीय मॉडल स्कूल भिवानी ने द्वितीय, पीएमश्री कन्या स्कूल बवानीखेड़ा ने तृतीय तथा एसआरएस लैब स्कूल ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
रागनी प्रतियोगिता में राजकीय हाईस्कूल गोलपुरा ने प्रथम, राजकीय स्कूल बीरण ने द्वितीय, मॉडल संस्कृति स्कूल तोशाम ने तृतीय तथा राजकीय कन्या स्कूल बवानीखेड़ा ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। नाटिका में राजकीय कन्या स्कूल बापोड़ा ने प्रथम, राजकीय कन्या हाईस्कूल हेतमपुरा ने द्वितीय, एसआरएस लैब स्कूल लोहानी ने तृतीय तथा राजकीय कन्या स्कूल बवानीखेड़ा ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। ओवरऑल ट्राफी भिवानी ब्लॉक ने जीती।