भिवानी। राजस्थान पुलिस का पांच हजार का इनामी बदमाश लघुशंका के बहाने जूई थाने में पुलिस हिरासत से भाग निकला। जिला पुलिस उसे पकड़ने के लिए भागदौड़ करती रही। पुलिस ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे आजाद नगर गांव की सीमा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि भिवानी, महेंद्रगढ़ के अलावा राजस्थान में उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती आदि अनेक केस दर्ज हैं। बदमाश हथियारों का बड़ा सप्लायर भी है।
मामला सोमवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे का है। जूई थाने से एचसी सत्यवान ने बाढड़ा रोड पर एक युवक को 15 फरवरी को संदिग्ध हालात में गिरफ्तार किया था। जांच में उसके पास 32 बोर की पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान नवीन गांव वासी काकड़ौली हुकमी जिला चरखी दादरी के रूप में हुई। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी को थाने में पीछे की ओर बने कमरे में रखा गया था। उसकी निगरानी में पुलिस जवान के अलावा होमगार्ड का जवान भी था। सहायक मोहर्र ईएचसी धर्मदेव ने शिकायत में बताया कि देर रात करीब साढ़े तीन बजे आरोपी नवीन ने लघुशंका जाने की बात कही। बाद में पीछे की दीवार कूदकर भाग गया। होमगार्ड विकास ने आकर उसे सूचना दी, जिसके बाद जूई थाना पुलिस के अलावा तोशाम थाना, लोहारू थाना, सीआईए टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। सुबह आठ बजे तक पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। आखिरकार पुलिस को मंगलवार सुबह करीब आठ बजे कामयाबी मिली। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने आजाद नगर गांव की सीमा से आरोपी नवीन को काबू किया, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
दो दर्जन के करीब दर्ज हैं केस
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि भिवानी जिले के विभिन्न थानों के अलावा राजस्थान में भी नवीन के खिलाफ अनेक केस दर्ज हैं। करीब दर्जनभर थानों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत दो दर्जन के करीब केस दर्ज हैं। भिवानी के शहर थाना, सिविल लाइन थाना, लोहारू, बाढ़ड़ा के अलावा राजस्थान के चूरू, राजगढ़ में भी उसके खिलाफ केस दर्ज है। वह अवैध हथियारों का बड़ा सप्लायर भी है। आरोपी पर राजस्थान के थाना राजगढ़ में वर्ष 2018 में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 5 हजार का इनाम रखा था।
आरोपी पर दर्ज केस
- केस संख्या 67 : 29 सितंबर 2020 धारा 392, 34 भारतीय दंड संहिता व 25 शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सतनाली, जिला महेंद्रगढ़ में केस दर्ज।
- केस संख्या : 08 जनवरी 2012 धारा 148, 149, 302 भारतीय दंड संहिता व 25 शस्त्र अधिनियम के तहत थाना हमीरवास, जिला चूरू, राजस्थान में केस दर्ज।
- केस संख्या 43 : 16 मार्च 2012 धारा 25 शस्त्र अधिनियम के तहत थाना बाढड़ा, जिला चरखी दादरी में केस दर्ज।
- केस संख्या 111 : 20 अप्रैल 2014 धारा 25 शस्त्र अधिनियम के तहत थाना बाढड़ा, जिला चरखी दादरी में केस दर्ज है।
- केस संख्या 123 : 12 मार्च 2017 धारा 25 शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग थाना लोहारू, जिला भिवानी में केस दर्ज है।
- केस संख्या 183 : 30 जून 2017 धारा 25 शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सिविल लाइन भिवानी में केस दर्ज हुआ था।
- केस 23 : 17 जनवरी 2018 धारा 147, 148, 149, 302, 307 भारतीय दंड संहिता व 25 शस्त्र अधिनियम के तहत थाना राजगढ़, जिला चूरू, राजस्थान में केस दर्ज हुआ। इस केस में वह पीओ है।
- केस संख्या 40 : 15 फरवरी 2021 धारा 25 शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग थाना जुई कलां, जिला भिवानी में केस दर्ज है।
वर्जन
आर्म्स एक्ट में काकड़ौली हुकमी वासी नवीन को 15 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। वह रात को लघुशंका के बहाने दीवार फांदकर भाग निकला था, जिसे गिरफ्तार कर लिया है। जूई थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का ही केस दर्ज है और अब यह नया केस दर्ज हुआ है। अन्य थानों में भी उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती आदि के केस दर्ज हैं। उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
- एसआई नरेश कुमार, कार्यकारी थाना प्रभारी, जूई पुलिस थाना