हरियाणा के भिवानी में सिटी पुलिस ने सरकारी नौकरियों के लिए पैसे लेकर पेपर कराने वाले गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में सिटी थाना के निरीक्षक रवींद्र कुमार को सुरक्षा एजेंट ने शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया था कि भिवानी के नागरिक अस्पताल के आसपास एक गिरोह सक्रिय है।
यह गिरोह केंद्रीय एवं हरियाणा सरकार की नौकरियों के लिए पैसे लेकर जाली दस्तावेजों के लिए सहारे परीक्षार्थी की जगह दूसरे को परीक्षा में बैठाते थे। इस मामले में सिटी पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
सिटी पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाली बीटीएम पुलिस चौकी के एएसआई नरेंद्र की टीम ने गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी की पहचान सन्नी वासी डोहकी चरखी दादरी के रूप में हुई, जिसे भिवानी के देवीलाल चौक से गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरा आरोपी सतपाल वासी सिधनवा को गांव लोहानी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पेपर में बायोमेट्रिक मिलान करने की जिम्मेदारी लेकर पैसे लिया करते थे। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ में जुटी है, वहीं इस गिरोह के अन्य गुर्गों की भी तलाश कर रही है।