भिवानी। दो दिन पहले शहर में सर्राफा व्यापारी से 35 लाख रुपये लूट की वारदात में शामिल बदमाशों का सुराग अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा, कि रविवार शाम को साबुन सप्लायर की टाटा 407 के आगे बाइक अड़ाकर एक लाख 90 हजार रुपये लूटने का मामला प्रकाश में आया है। फिलहाल पुलिस ने जांच तो आरंभ कर दी, लेकिन इस मामले को संदिग्ध मान कर चल रही है।
मामला रविवार शाम करीब पौने पांच बजे का है। धनाना गांव के नजदीक नहर के पास अजीतपुर वासी दलबीर की टाटा 407 के सामने बाइक लगाकर दो युवक एक लाख 90 हजार रुपये लूट ले गए। दलबीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत कर्ता को साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में गश्त की। दलबीर ने पुलिस को बताया कि वह साबुन सप्लाई करता है और सायं को कैथल से अपने गांव लौट रहा था। धनाना गांव के पास अचानक बाइक सवार दो युवकों ने उसकी गाड़ी के आगे अपनी बाइक लगा दी। दोनों युवकों ने उसके साथ हाथापाई की और उसकी गाड़ी से एक लाख 90 हजार रुपये छीन ले गए। रुपये लूटने वाले काले रंग की बाइक पर थे। लुटेरों में एक पगड़ी बांधे हुए था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दो दिन से बाहर था और दो दिन से ही रुपये उसके पास है। दलबीर ने बताया कि जब दोनों युवक उसके साथ मारपीट कर रुपयों का थैला छीन रहे थे तो उसने शोर भी मचाया। आसपास के लोग आते, उससे पहले दोनों युवक थैला छीन फरार हो गए। पुलिस रात तक शिकायतकर्ता को साथ लेकर मामले की जांच में जुटी रही। मामले में शहर थाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि लूट का मामला आया है। मामला संदिग्ध है। फिलहाल जांच की जा रही है और अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
पुलिस को हजम नहीं हो रही लूट की कहानी
अजीतपुर वासी दलबीर से एक लाख 90 हजार रुपये लूट की कहानी पुलिस को हजम नहीं हो रही। दलबीर ने बताया कि युवक खाली हाथ थे। उनके पास कोई हथियार नहीं था। बाइक सामने से आई। इन मामलों के चलते मामला संदिग्ध लग रहा है।
-------