हरियाणा के भिवानी में सेशन हाउस के बाहर निलंबित एएसजे (एडिशनल सेशन जज) ने शराब के नशे में सिक्योरिटी इंचार्ज सहित सुरक्षा गार्डों के साथ बदतमीजी का मामला सामने आया है। वहीं निलंबित एएसजे ने सेशन जज को भी जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस थाना में दी। सेशन हाउस सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर निलंबित एएसजे के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है।
सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बतौर सेशन हाउस गार्ड इंचार्ज के पद पर तैनात रणबीर ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब पांच बजे सेशन हाउस के मैन गेट पर ड्यूटी पर मौजूद था। तभी निलंबित एएसजे नासिर शराब के नशे में वहां पर आए।
जब उसने नासिर से वहां आने का कारण पूछा तो नासिर उसके साथ बदतमीजी करने लगा। शराब के नशे में होने के कारण उसने नासिर को सेशन हाउस के अंदर नहीं जाने दिया और अपने अन्य सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके से उसे वहां से भेज दिया।
लेकिन आरोपी फिर से सेशन हाउस के पिछले गेट पर आकर उसके साथ बदतमीजी करने लगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी ने उनकी ड्यूटी में बाधा पैदा की है। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर निलंबित एएसजे नासिर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के केस में अनियमितता को लेकर हुआ था निलंबित
एएसजे नासीर को न्यायालय की एक कमेटी द्वारा जांच के उपरांत एनडीपीएस एक्ट में आरोपी को गलत लाभ पहुंचाने के मामले में निलंबित कर दिया था। इसके बाद से ही उनका कुछ माह से निलंबन चल रहा था। नासीर के साथ न्यायालय परिसर की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्रता के इस मामले में अब सिविल लाइन पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज हो गई है।