दादरी क्षेत्र के एक गांव की युवती ने अपने भाई पर ही दो लाख रुपये में शादी के बहाने बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। यही नहीं युवती ने जब इसका विरोध किया तो भाई ने दुष्कर्म का प्रयास किया और करंट लगाकर मारने की भी कोशिश की। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में अपने भाई की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले में डीएसपी हेड क्वार्टर ने जांच कर आरोपी पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दादरी क्षेत्र के एक गांव से एक युवती अपने पड़ोसियों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। युवती ने बताया कि उसके पिता की काफी वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसका भाई और भाभी उसे शादी के बहाने दो लाख रुपये में बेचना चाहते हैं। जब उसे इस घिनौने कार्य का पता लगा तो उसने विरोध किया। बाद में भाई ने उसे घर में ही बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट की। वह पिछले एक सप्ताह से घर में बंद थी। उसके भाई ने एक रात उसके साथ मारपीट के बाद दुष्कर्म का प्रयास किया। वह चिल्लाई तो पड़ोसी आए और उसे बचाया। बाद में उसे खेत में ले गया जहां उसे करंट और जहर पिलाकर मारने का प्रयास किया। मगर वह भागने में कामयाब रही। अब गांव के ही एक परिवार की सहायता से घर से बाहर निकलकर यहां तक पहुंची है। युवती ने पुलिस से उसके भाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।