बीटीएम चौक के पास रेस्ट हाउस मार्ग पर अपने कार्यालय की ओर पैदल जा रहे प्रॉपर्टी डीलर पर बाइक सवार दो युवकों ने गोली चलाई। एक गोली प्रॉपर्टी डीलर की जांघ में लगी। गोली चलाने के बाद हमलावर भाग खड़े हुए। घायल को तुरंत उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजन पीजीआई ले जाने की बजाय हिसार के एक अस्पताल ले गए।
रविवार देर सायं करीब पौने आठ बजे गांव सैय वासी बीडीसी मेंबर गुलाब सिंह पुत्र प्रॉपर्टी डीलर नरेश बीटीएम चौक के पास अपने कार्यालय में जा रहा था। वह चौथी सीढ़ी पर ही चढ़ा था कि पीछे से आवाज आई। उसने पीछे मुड़कर देखा तो एक युवक ने उसे पर गोली चला दी और वह पास ही बाइक पर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। घायल ने शोर मचाया तो बाकी साथी निकलकर आए और उसे तुरंत उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया।
घायल नरेश ने बताया कि वह जिम गया था और वापस अपने भाई मनोज ठेकेदार के कार्यालय जा रहा था। सीढ़ी पर ही चढ़ा था कि किसी ने पीछे गाली दी इस पर वह मुड़ा तो उस पर गोली चला दी। वह दौड़कर छत पर गया और फिर वहां से हमलावरों को ललकारा मगर दोनों बाइक से भाग निकले। काले रंग की पल्सर बाइक पर आए हमलावरों में एक ने हेल्मेट पहना था और दूसरे ने नकाब पहन रखा था।
गोली चलने की सूचना पर शहर थाना प्रभारी बिक्रम सिंह, टीआईटी चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ पहुंचे। डीएसपी हेड क्वार्टर चंद्रपाल बिश्नोई अस्पताल पहुंचे और घायल से मिले। डीएसपी चंद्रपाल बिश्नोई ने बताया कि मामले की प्रत्येक एंगल से जांच कर रहे हैं। जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा।
पैदल सीढ़ियाें तक पहुंचा, फिर चलाई गोली
घायल नरेश न बताया कि वह सामने ही जिम से बाहर आया और परचून की दुकान से सामान लेकर ऑफिस जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ रही रहा था कि पैदल दौड़कर आए युवक ने गाली दी और गोली चला दी। हमलावर भी बाइक से उतरकर सीढ़ियों तक आया और फिर गाली देकर गोली चलाई है। ऐसे में उसका पीछा तो नहीं किया गया।
पिछले वर्ष भी चली थी गोलियां
इस कार्यालय में चढ़ते समय पिछले वर्ष भी एक प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां बरसाई गई थी। उस समय गाड़ी के शीशे, बोनट पर गोलियां लगी थी। गनीमत थी कि प्रॉपर्टी डीलर को गोली नहीं लगी। पुलिस आज तक भी हमलावरों का सुराग नहीं लगा पाई है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि उस पुरानी रंजिश में ही तो गोली नहीं चलाई गई।