भिवानी। मोबाइल शॉप का शटर उखाड़ चोर डेढ़ लाख के मोबाइल चोरी कर ले गए। मोबाइल के अलावा चोर दुकान से कुछ नगदी, सोने की कुछ ज्वैलरी भी चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पर पुलिस व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरों ने रविवार रात इंडस्ट्रीज एरिया के पीछे हरिपुर गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित मित्तल कम्युनिकेशन शॉप को अपना निशाना बनाया। दुकान संचालक गौरव ने बताया कि दुकान के साथ ही उनका घर है। वह शाम को दुकान बंद करने के बाद घर की छत पर बने कमरे में सो गया था। रात 11 बजे तक परिवार के सभी सदस्य जाग रहे थे। सुबह साढ़े पांच बजे देखा तो शटर उखाड़ा हुआ था। पास में ही सरिया व अन्य सामान बिखरा हुआ था। गौरव ने बताया कि चोर दुकान से 32 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल, पांच छह हजार की नगदी, दो सोने की बालियां चोरी कर ले गए। सूचना पर सदर थाना पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट बालकिशन व कुलदीप ने मौके का निरीक्षण किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके से तथ्य जुटाए। मामले में एसएचओ उदमीराम ने बताया कि चोरी की सूचना आई है। निरीक्षण किया है। जांच की जा रही है।