भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार सुबह दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। जिसकी वजह से कॉलेज के विद्यार्थी भी सहम उठे वहीं कॉलेज प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची डॉयल 112 की टीम के सामने भी दोनों कर्मचारी शराब के नशे में घुत मिले और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। कॉलेज प्रशासन ने भी इस संबंध में लिखित शिकायत देने की बात कही।
प्राध्यापकों ने वीडियो बनाई
मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय परिसर में दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शराब के नशे में घूत मिले। जिसकी भनक कॉलेज प्रशासन को लगी तो कुछ कॉलेज प्राध्यापक वहां पहुंचे। उनके साथ भी दोनों कर्मचारी गाली गलौज पर उतर आए और नशे में सिगरेट के कश भी लगाने लगे। यह देखकर कुछ प्राध्यापकों ने उनकी वीडियो भी बनाई और मामले की सूचना प्राचार्य को दी।
कर्मचारी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे
जिसके बाद डॉयल 112 को सूचना दी गई। डॉयल 112 की टीम इंचार्ज के सामने दोनों कर्मचारियों की हवा निकल गई और नशा भी काफूर हो गया। डॉयल 112 टीम इंचार्ज रमेश कुमार के सामने दोनों कर्मचारी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। जिसके बाद पुलिस टीम एक कर्मचारी को अपनी गाड़ी में बैठाकर साथ ले गई जबकि दूसरा मौका पाकर वहां से भाग निकला।
कर्मचारी कौशल विकास निगम के तहत हैं
कॉलेज के एचओडी धर्मबीर सिंह जाखड़ ने बताया कि पहले भी ये दोनों कर्मचारी इस तरह की हरकतें कर चुके हैं, जिससे कॉलेज की छात्राओं को काफी परेशानी हो रही है वहीं माहौल भी बिगड़ रहा है। इस संबंध में विभागीय कार्रवाई के संबंध में भी लिखा गया है। ये कर्मचारी कौशल विकास निगम के तहत यहां लगे हैं।