हरियाणा के भिवानी के गांव मानहेरू में शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक विवाहिता का घर के अंदर फंदे से शव लटका मिला। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को फंदे पर लटके होने की सूचना वीडियो कॉल कर पति ने दी थी। जिसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतका के पिता की शिकायत पर सदर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव ढाणी चांग निवासी श्याम सिंह ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। बड़ी लड़की 26 वर्षीय नेहा और छोटा बेटा विपुल है। उसकी बड़ी बेटी की शादी 14 दिसंबर 2022 को मानहेरू निवासी जयप्रकाश के साथ हुई थी। शादी के दौरान उसने काफी दान दहेज दिया था।
लेकिन इसके बावजूद भी उसकी बेटी को उसका पति और सास दहेज के लिए तंग करते थे। पुलिस को दिए बयान में श्याम सिंह ने बताया कि 23 मार्च को उसकी लड़की नेहा का फोन आया था। जिस पर उसकी बेटी ने उसे बताया था कि उसका पति जयप्रकाश और सास बाला उसे तंग कर रहे हैं और उसे मार सकते हैं। उसने कहा कि वह आ रहा है।
लेकिन थोड़ी देर बाद ही ससुराल से फिर फोन आया कि उसकी बेटी की तबियत खराब है और अस्पताल में है। जब वह अस्पताल पहुंचा तो उसकी बेटी वहां मृत घोषित की जा चुकी थी। उसने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की दहेज के लिए आरोपी पति, सास बाला व दो ननद व देवर सहित अन्य ने मिलकर हत्या की है।
वहीं मृतका के चाचा अरविंद ने बताया कि नेहा के पति ने वीडियो कॉल कर दिखाया था कि उसने फंदा लगा लिया है। जब वे मौके पर पहुंचे तब तक अस्पताल में उसका शव लाया जा चुका था। उन्हें बेटी की मौत पर न्याय चाहिए।
सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी सुरेश ने शव का जिला नागरिक अस्पताल में रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतक महिला के पिता श्याम सिंह के बयान दर्ज कर इस संबंध में आरोपी पति और सास सहित अन्य ससुरालजनों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।