दिनोद गांव में बच्चों के झगड़े में परिवार के ही सदस्यों में लाठी डंडे चले और एक दूसरे पर पत्थर बरसाए। झगड़े में सिर में ईंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर उसके चाचा-चाची, दो चचेरे भाइयों और भाभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झगड़ा रात करीब नौ बजे हुआ। दिनोद गांव में तीन भाइयों का परिवार रहता है। सबसे छोटे भाई की मंदबुद्धि बच्ची का बड़े भाई के बच्चों के साथ झगड़ा हो गया।
इसी झगड़े में परिवार के बड़ों का भी झगड़ा हो गया। दोनों ओर से ईंट-पत्थर बरसाए गए और लाठी- डंडे चले। झगड़ेे में एक पक्ष से दो भाई अनिल व दलबीर घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से दो भाइयों जितेंद्र व हरपाल को चोट आई।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया जहां घायल अनिल को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घायल दलबीर ने बताया कि उसका चचेरा भाई अपनी चचेरी बहन को पीट रहा था।
इसी दौरान अनिल वहां आ गया और वह छुड़वाने लगा तो चाचा के परिवार ने उस पर हमला कर दिया। वह भी छुड़वाने पहुंचा तो ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। झगड़े में उसे व अनिल को गंभीर चोटें आई।
परिजन उन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी लाए। जहां चिकित्सक ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। सिर में ईंट लगने के कारण अनिल की मौत हो गई।
अनिल की मौत की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया और खासी संख्या में ग्रामीण अस्पताल भी पहुंचे। दलबीर ने आरोप लगाया कि उसके चाचा के परिवार ने उसके भाई की हत्या की है।
अनिल गाड़ी चलाता था और उसके तीन बच्चे है। पुलिस ने दलबीर के बयान पर उसके चाचा के परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
मामले में सदर थाना से एसआई सुखबीर जाखड़ ने बताया कि पारिवारिक झगड़े में युवक अनिल की मौत हुई है। दलबीर के बयान पर उसके चाचा भागीरथ, चाची चंद्रपति, चचेरे भाई जितेंद्र व हरपाल व हरपाल की पत्नी मंजू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।