चंपापुरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बाइक पर सवार मृतक युवक का साथी आईटीआई छात्र मोनू बाल-बाल बच गया। मृतक युवक अपने पिता का खाना लेकर समसपुर गांव से दादरी आया था। सिटी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम दादरी के सिविल अस्पताल में करवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार सुबह आरोपी को कोर्ट पेश किया जाएगा।
मृतक युवक के आईटीआई के छात्र दोस्त मोनू ने बताया कि वह गांव समसपुर निवासी रवि के साथ बाइक पर दादरी अपने पिता को खाना देने आ रहा था। रवि के पिता शहर के परशुराम चौक पर जूस की रेहड़ी लगाते हैं। चंपापुरी क्षेत्र में पीछे से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दौरान दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। मोनू ने बताया कि इस दौरान रोडवेज बस रवि बस के टायरों के नीचे आ गया ।
इसके तुरंत बाद चालक-परिचालक ने बस रोककर रवि को संभाला और उसे सिविल अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि यह बस सुबह कोसली से ही दादरी आ रही थी। वहीं, अस्पताल पहुंचे रवि को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन व सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान भी सिविल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने आरोपी बस चालक रतन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हमने मृतक रवि के परिजनों की शिकायत पर आरोपी बस चालक रतन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे न्यायलय में पेश करेंगे। शव का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
विकास ओलहान, सिटी थाना प्रभारी