चरखी दादरी। दादरी-लोहारू मुख्यमार्ग पर गांव बरसाना-अटेला के बीच बुधवार रात तेल कैंटर व टाटा 407 की आमने-सामने की भिड़ंत में चार लोग जिंदा जल गए। घटना के बाद पुलिस ने चारों के कंकाल दोनों वाहनों से बरामद किए। दुर्घटना में एक हजार मुर्गियां भी काल का ग्रास बन गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के साथ ही दोनों वाहनों में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दोनों वाहनों के चालक व परिचालक के शरीर जलकर कंकाल में तबदील हो चुके थे। टाटा सवार दोनों मृतकों की पहचान हो गई है जबकि गुजरात नंबर के ट्रक में सवार चालक-परिचालक के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। घटना में गनीमत रही कि तेल कैंटर खाली था, वरना आस-पास के क्षेत्र के लोग भी इसका शिकार बन सकते थे।
राजस्थान के गांव लिखवा निवासी 22 वर्षीय ओमपाल गांव सूरजलो निवासी 28 वर्षीय संदीप चालक के साथ पिलानी क्षेत्र स्थित मुर्गा फार्म से टाटा 407 में मुर्गियां लेकर बुधवार रात को चला था। चरखी दादरी के गांव बरसाना और अटेला के बीच रात करीब एक बजे सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। घटना में जोरदार धमाका हुआ और दोनों वाहनों में आग लग गई। इसी दौरान दोनों वाहनों का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के चलते दोनों वाहनों के चालक व परिचालक अंदर ही फंस गए। बृहस्पतिवार अल सुबह बाढड़ा पुलिस और क्षेत्र के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचें। वहां पहुंचने के बाद जो माजरा सबने देखा उससे सबका दिल पसीज गया। दोनों वाहनों में झांकने पर सिर्फ कंकाल ही वाहनों के केबिन में नजर आएं।
डेढ़ लाख की मुर्गिंयां भी जली
टाटा 407 चालक पिलानी स्थित मुर्गी फार्म से मुर्गियां लेकर गुडगांव जा रहे था। घटनास्थल पर पहुंचे पॉल्ट्री फार्म मालिक ने बताया कि टाटा में करीब एक हजार मुर्गियां भी थी। इनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये हैं। हादसे में केवल दो मुर्गियां ही जिंदा बची है, बाकी सभी मुर्गियों की भी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृत मुर्गियों को ग्रामीणों की सहायता से मुख्यमार्ग से हटाया।
इंटरनेट की मदद लेकर पुलिस करने में जुटी शिनाख्त
घटना में मारे गए चारों में से टाटा सवार चालक-परिचालक की शिनाख्त तो पिलानी पॉल्ट्री फार्म मालिक के मौके पर पहुंचने से हो गई। वहीं तेल कैंटर(जीजे 12एजेड-9806) के चालक व परिचालक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने ट्रक के नंबर के जरिए इंटरनेट की मदद लेकर भी दोनों मृतकों की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। स्थानीय पुलिस गुजरात पुलिस से संपर्क साध मृतकों का सुराग लगाने में जुटी हैं।
वर्सन:
घटना में दोनों वाहनों में सवार चालक-परिचालकों के शव कंकाल में तब्दील हो गए थे। पुलिस ने फिलहाल इन्हें कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। कैंटर सवार चालक-परिचालक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है, जबकि टाटा सवार दोनों मृतकों की पहचान हो चुकी है। पुलिस कागजी कार्रवाई में जुटी हुई है। कैंटर सवारों की शिनाख्त के लिए भी पुलिस प्रयासरत है।
भूप सिंह, जांच अधिकारी