भिवानी। हांसी गेट पर पत्थरों से भरी रेहड़ी को एक बोलेरो चालक ने टक्कर मारी। इसके बावजूद गाड़ी चालक ने दबंगई दिखाते हुए रेहड़ी वाले को धमकाना शुरू किया तो वहां से गुजर रही छात्राओं ने बहादुरी दिखाते हुए विरोध किया। विरोध के बाद वहां से खिसकने का प्रयास कर रहे चालक की गाड़ी की चाबी निकाल वहां मौजूद होमगार्ड को सौंप दी। आरोप है कि होम गार्ड के जवान ने गाड़ी साइड में करने के बहाने चालक को मौके से निकाल दिया। जिसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। बाद में पहुंचे ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी के व्यवहार पर भी लोगों ने आपत्ति जताई।
मामला बृहस्पतिवार सुबह का है। रेहड़ी चालक राज कुमार ने बताया कि वह पत्थर भरकर इंद्र कॉलोनी जा रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। बावजूद इसके बोलेरो चालक उसे ही धमकाने लगा। यह सब वहां से गुजर रही दो छात्राओं ने देखा तो इसका विरोध किया। गाड़ी चालक ने वहां से खिसकने का प्रयास किया तो छात्राओं ने उसकी चाबी निकाल ली और हांसी गेट पर ड्यूटी दे रहे होमगार्ड को सौंप दी।
लोगों का आरोप है कि होमगार्ड ने गाड़ी चालक को वहां से निकाल दिया। जिस पर विरोध और हंगामा हुआ। सूचना पर ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी वहां पहुंचे। लोगों का आरोप है कि उक्त अधिकारी ने भी उनकी सुनने के बजाए उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। काफी हंगामे के बाद वहां से सभी रवाना हुए। इस बारे में जब ट्रैफिक पुलिस के कार्यकारी एसएचओ से बातचीत का प्रयास किया गया तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।